1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. celina-jaitly-emotional-post-on-twisha-sharma-death-case-divorce-peter-haag-cbi-investigation
Written By
Last Modified: मंगलवार, 26 मई 2026 (14:23 IST)

ट्विशा शर्मा की मौत से दहलीं सेलिना जेटली, बोलीं- शादी की बंद दीवारों के पीछे छिपा होता है सबसे खतरनाक दर्द

celina jaitly
भोपाल की ट्विशा शर्मा मौत मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। शादी के सिर्फ पांच महीने बाद 33 वर्षीय ट्विशा की संदिग्ध हालात में मौत ने दहेज, घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा पर फिर से बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब इस मामले पर अभिनेत्री सेलिना जेटली ने ऐसा भावुक पोस्ट लिखा है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। सेलिना ने कहा कि शादी हमेशा “हैप्पिली एवर आफ्टर” नहीं होती और कई बार सबसे खतरनाक हिंसा वही होती है, जिसे कोई देख नहीं पाता।
 
सेलिना ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में ट्विशा शर्मा की मौत पर गहरा दुख जताते हुए लिखा कि एक पढ़ी-लिखी, खूबसूरत और टैलेंटेड लड़की की जिंदगी बंद दरवाजों के पीछे हिंसा, मानसिक प्रताड़ना और अकेलेपन में खत्म हो गई। उन्होंने कहा कि समाज अक्सर महिलाओं के दर्द को इतना सामान्य मान लेता है कि धीरे-धीरे उनकी तकलीफ लोगों के लिए मायने ही खो देती है।
 

“हिंसा सिर्फ चोट के निशान नहीं होती”

सेलिना जेटली ने अपने पोस्ट में घरेलू हिंसा के उस चेहरे पर बात की, जो अक्सर लोगों को दिखाई नहीं देता। उन्होंने लिखा कि कई बार हिंसा सिर्फ मारपीट नहीं होती, बल्कि मानसिक दबाव, अकेलापन, परिवार से दूरी और लगातार अपमान भी हिंसा का हिस्सा होता है।
 
उन्होंने कहा कि कई महिलाएं ऐसी जगहों पर फंस जाती हैं, जहां उनके पास न परिवार होता है, न कोई सपोर्ट सिस्टम और न ही कहीं जाने की जगह। बाहर से उनकी जिंदगी खूबसूरत दिखती है, लेकिन अंदर ही अंदर वे टूट रही होती हैं।
 

अपने तलाक और बच्चों की कस्टडी पर भी बोलीं सेलिना

इस पोस्ट में सेलिना ने अपनी निजी जिंदगी का दर्द भी साझा किया। उन्होंने बताया कि शादी के बाद वह आर्थिक रूप से स्वतंत्र नहीं रहीं और तीन छोटे बच्चों की जिम्मेदारी के बीच उन्होंने काफी संघर्ष झेला। अभिनेत्री ने कहा कि वह लंबे समय तक सिर्फ परिवार बचाने के लिए रिश्ते में बनी रहीं, क्योंकि वह नहीं चाहती थीं कि उनके बच्चों को तकलीफ हो।
 
सेलिना ने लिखा कि उनके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं और मुश्किल वक्त में उनके पास सहारा लेने के लिए कोई नहीं था। उन्होंने माना कि कई महिलाओं की तरह वह भी अपनी तकलीफ स्वीकार करने में शर्म महसूस करती थीं।
 

पति पीटर हाग के खिलाफ दर्ज हुई FIR

सेलिना जेटली और उनके पति पीटर हाग के बीच तलाक का मामला फिलहाल चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पीटर हाग ने पिछले साल ऑस्ट्रिया की अदालत में तलाक की अर्जी दी थी। वहीं हाल ही में मुंबई पुलिस ने सेलिना की शिकायत पर पीटर हाग के खिलाफ FIR दर्ज की है।
 
उन पर शारीरिक हिंसा, क्रूरता, आपराधिक धमकी और लगातार उत्पीड़न जैसे आरोप लगाए गए हैं। अभिनेत्री ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें अपने तीन बच्चों से मिलने नहीं दिया जा रहा और जॉइंट कस्टडी एग्रीमेंट का उल्लंघन किया जा रहा है।
 

सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा ट्विशा शर्मा मामला

ट्विशा शर्मा मौत मामले की सुनवाई अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुकी है। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए मीडिया में बयानबाजी से बचने की सलाह दी है। अब इस केस की जांच CBI करेगी।
 
ट्विशा शर्मा के परिवार का आरोप है कि उनके पति समर्थ और ससुराल पक्ष ने जांच को प्रभावित करने की कोशिश की। रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्विशा की मौत के 10 दिन बाद समर्थ को गिरफ्तार किया गया था।
 

“अगर बेटी मदद मांगे तो उसे अकेला मत छोड़िए”

अपने पोस्ट के अंत में सेलिना जेटली ने माता-पिता और परिवारों से खास अपील की। उन्होंने कहा कि अगर आपकी बेटी मदद मांग रही है, तो उसे वापस घर ले आइए। उसे उस हिंसा में अकेला मत छोड़िए, जो धीरे-धीरे उसकी जिंदगी खत्म कर सकती है।
 
सेलिना का यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी बेबाकी की तारीफ कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें
घड़ी से शुरू हुआ सपना कैसे बना भारत की पहचान? ‘मेड इन इंडिया: ए टाइटन स्टोरी’ का ट्रेलर रिलीज