आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई-एक्शन थ्रिलर धुरंधर अब भारतीय सिनेमा की सबसे खास फिल्मों की सूची में शामिल हो चुकी है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने दुनियाभर में महज 21 दिनों में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। दमदार एक्शन सीक्वेंस, मजबूत कहानी और रणवीर सिंह की प्रभावशाली परफॉर्मेंस ने फिल्म को भारत ही नहीं, बल्कि ओवरसीज मार्केट में भी जबरदस्त समर्थन दिलाया।
फिल्म ने भारत से 21 दिनों में 796.19 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन और विदेश से 206.91 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया और इस तरह से 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया। धुरंधर की सफलता यह साबित करती है कि अगर एक्शन के साथ कहानी में गहराई हो, तो फिल्म सिर्फ ओपनिंग तक सीमित नहीं रहती, बल्कि लंबे समय तक बॉक्स ऑफिस पर टिकती है।
पुष्पा 2: सबसे तेज 1000 करोड़ कमाने वाली फिल्म
पुष्पा: द रूल: पार्ट 2 इस मामले में सबसे आगे है। अल्लू अर्जुन की इस फिल्म ने सिर्फ 7 दिनों में 1000 करोड़ रुपये क्लब में एंट्री कर ली थी। यह अब तक की सबसे तेज भारतीय फिल्म है जिसने यह रिकॉर्ड बनाया। फिल्म ने अपने पूरे रन में करीब 1742.1 करोड़ रुपये की कमाई की। पहले पार्ट की लोकप्रियता, दमदार डायलॉग्स और अल्लू अर्जुन के आइकॉनिक किरदार ने इसे ऐतिहासिक सफलता दिलाई।
बाहुबली 2: जिसने इतिहास की शुरुआत की
एसएस राजामौली की बाहुबली 2: द कन्क्लूजन वह फिल्म है जिसने सबसे पहले 1000 करोड़ रुपये क्लब का दरवाजा खोला। इस महाकाव्य फिल्म ने 10 दिनों में यह आंकड़ा पार किया और दुनियाभर में कुल 1788.06 करोड़ रुपये की कमाई की। बाहुबली 2 भारतीय सिनेमा के लिए एक टर्निंग पॉइंट साबित हुई।
RRR: ग्लोबल लेवल पर भारतीय सिनेमा की पहचान
राम चरण और जूनियर एनटीआर स्टारर RRR ने 16 दिनों में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा छुआ। फिल्म की कुल कमाई 1230 करोड़ रुपये रही। जबरदस्त एक्शन, देशभक्ति का भाव और नाटू नाटू गाने की वैश्विक लोकप्रियता ने RRR को भारत से बाहर भी खास पहचान दिलाई।
KGF चैप्टर 2: कन्नड़ सिनेमा का स्वर्णिम पल
यश स्टारर KGF चैप्टर 2 ने 18 दिनों में 1000 करोड़ रुपये क्लब में एंट्री की। फिल्म ने कुल 1215 करोड़ रुपये की कमाई की। यह कन्नड़ सिनेमा के लिए ऐतिहासिक पल था। इससे पहले फिल्म सिर्फ 3 दिनों में 250 करोड़ रुपये पार करने वाली पहली कन्नड़ फिल्म भी बनी थी।
जवान: शाहरुख खान की दमदार वापसी
एटली के निर्देशन में बनी जवान ने भी 18 दिनों में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया। फिल्म ने दुनियाभर में 1160 करोड़ रुपये की कमाई की। शाहरुख खान की स्क्रीन प्रेजेंस, सामाजिक संदेश और मास एंटरटेनमेंट के मेल ने जवान को 2023 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल किया।
धुरंधर: आधुनिक दौर की बड़ी एक्शन हिट
धुरंधर ने 21 दिनों में 1000 करोड़ रुपये क्लब में पहुंचकर यह दिखाया कि कंटेंट और प्रजेंटेशन का सही संतुलन कितना जरूरी है। फिल्म की बैकग्राउंड म्यूजिक, स्टाइलिश एक्शन और रणवीर सिंह की इंटेंस एक्टिंग इसकी बड़ी ताकत बनी।
कल्कि 2898 एडी: भविष्य और पौराणिकता का मेल
प्रभास स्टारर कल्कि 2898 एडी ने 25 दिनों में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया। फिल्म की कुल कमाई 1042 करोड़ रुपये रही। साइंस फिक्शन और पौराणिक तत्वों के अनोखे मेल ने दर्शकों का ध्यान खींचा। फिल्म में दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन, कमल हासन और दिशा पटानी जैसे बड़े सितारे नजर आए।
पठान: पोस्ट-पैंडेमिक बॉक्स ऑफिस की जान
पठान ने 27 दिनों में 1000 करोड़ रुपये क्लब में एंट्री ली और कुल 1055 करोड़ रुपये की कमाई की। यह शाहरुख खान की पहली 1000 करोड़ रुपये क्लब वाली फिल्म बनी। लंबे ब्रेक के बाद आई इस फिल्म ने थिएटर कारोबार को फिर से रफ्तार दी।
दंगल: सबसे अलग लेकिन सबसे बड़ी सफलता
आमिर खान की दंगल का सफर सबसे अलग रहा। इस फिल्म ने 154 दिनों में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया, लेकिन अंत में यह 2070.3 करोड़ रुपये की कमाई के साथ सबसे ज्यादा कमाने वाली भारतीय फिल्म बनी। चीन में जबरदस्त सफलता ने दंगल को ऐतिहासिक बना दिया और यह साबित किया कि मजबूत कहानी लंबे समय तक बॉक्स ऑफिस पर राज कर सकती है।