देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने भारत-4 मानक वाले ‘के’ श्रृंखला के इंजन से लैस अपनी छोटी कार वैगन-आर का एक नया संस्करण पेश किया जिसका आमंत्रण मूल्य 3.28 लाख रुपए से 3.81 लाख रुपए रखा गया है।
पहले से आकर्षक दिखने वाली नई वैगन-आर का इंजन मौजूदा मॉडल से हल्का होगा पर कंपनी का दावा है कि पहले से बेहतर औसत देगी।
जापान में इस्तेमाल किए जा रहे नवीनतम ढाँचे पर तैयार की गई नई वैगन-आर में भारत-4 प्रदूषण नियंत्रण मानक वाला 998 सीसी का इंजन है। यह कार 18.9 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देगी। यह इंजन 'के' श्रृंखला का है।
1999 में भारत में उतारी गई वैगन-आर की 8.8 लाख कारें बिक चुकी हैं और कंपनी पुरानी श्रृंखला की कार का उत्पादन धीरे-धीरे बंद कर देगी।
ग्राहकों की पसंद तेजी से बदल रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए मारुति सुजुकी अपने उत्पादों को अपग्रेड कर रही है और इसी श्रृंखला में नई वैगन-आर पेश की गई है।
उल्लेखनीय है कि मारुति सुजुकी की वैगन आर, आल्टो के बाद दूसरी सबसे अधिक बिकने वाली कार है। कंपनी की नई वैगन-आर तीन वैरिएंट, एलएक्स, एलएक्सआई और वीएक्सआई में सात रंगों में उपलब्ध है। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें