• Webdunia Deals
  1. वेबदुनिया सिटी
  2. »
  3. मध्यप्रदेश
  4. »
  5. आलीराजपुर
Written By Naidunia
Last Modified: आलीराजपुर , गुरुवार, 29 मार्च 2012 (00:45 IST)

पटेल ब्रिज के दलदल में गाय फँसी

आलीराजपुर
एकता नगर व बोहरा बाखल को जोड़ने वाले पटेल ब्रिज से बुधवार शाम 5 बजे करीब एक गाय नीचे नाले के दलदल में जा गिरी। बड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय रहवासियों व युवाओं ने उसे निकाला। गत वर्ष भी ब्रिज से एक गाय नीचे गिर गई थी। नाले की सफाई न होने से वहॉं करीब पांच-छह फुट गहराई तक दलदल जमा हो गया है।


जानकारी के अनुसार गाय के नाले में गिरते ही वह दलदल में धंसने लगी जिसे ब्रिज पर से गुजरते हुए नागरिकों व वाहन चालकों ने देखा। शोरगुल मचाने पर रहवासी दौड़े-दौड़े आए और रस्सी आदि का इंतजाम कर गाय के सिंग रस्सी से बाँधे। इस प्रयास में एक युवक भी कमर तक दलदल में जा धँसा। उसे भी निकाला गया। गाय के गिरने की सूचना जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी विक्रम सेन ने नपा कार्यालय पर दी। बाद में रहवासियों और नगरपालिका कर्मचारियों की टीम ने अथक प्रयासों से गाय को निकाला। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। रहवासियों ने बताया कि इस पुल से अक्सर मवेशी गिरते रहते हैं। नाले में फेंका गया कचरा व बची हुई भोजन सामग्री खाने के लालच में वे नाले पर आते हैं और दलदल में फंस जाते हैं।