भाजपा ने कुशवाहा की सदस्यता स्थगित की
कुछ दिन पहले भाजपा में शामिल हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व परिवार कल्याण मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा ने भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी को पत्र लिखकर खुद पर लगे आरोपों के संबंध में उचित निवारण नहीं होने तक पार्टी की सदस्यता स्थगित रखने का आग्रह किया। कुशवाहा के पत्र के आधार पर भाजपा ने उनकी सदस्यता स्थगित कर दी। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के धन में गबन के आरोपी कुशवाहा ने गडकरी को लिखे पत्र में कहा कि वह निर्दोष हैं और किसी भी निष्पक्ष एजेंसी से जांच के लिए तैयार हैं।कुशवाहा के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी में अंदरूनी राजनीति गरमा गई है। आडवाणी, सुषमा स्वराज, उमा भारती समेत कई नेताओं ने खुलकर इस पूर्व मंत्री का विरोध किया है। देश की सभी राजनीतिक पार्टियों ने कुशवाहा के भाजपा में प्रवेश पर सवाल उठाया है। (एजेंसी)