• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

मैं प्रज्ञा को नहीं जानता-आडवाणी

मैं प्रज्ञा को नहीं जानता-आडवाणी -
मालेगाँव धमाकों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पूर्व नेता और साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का हाथ होने के आरोपों के बीच प्रधानमंत्री पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी ने शुक्रवार को इस महिला से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि यदि सरकार के पास प्रमाण हैं तो वह उसे दंडित कर सकती है।

आडवाणी ने एक टीवी चैनल के साथ बातचीत में कहा‍ कि वह उस महिला को जानते तक नहीं और अगर सरकार के पास उसके खिलाफ प्रमाण है तो उसे दंडित किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष राजनाथसिंह ने छात्रनेता से साध्वी बनी प्रज्ञा के बचाव में कल कहा था कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद से जुड़ा व्यक्ति आतंकवादी हो ही नहीं सकता।

आडवाणी ने बातचीत में संप्रग सरकार पर आतंकवाद जैसे गंभीर मुद्दे को सांप्रदायिक चश्मे से देखने का आरोप लगाते हुए कहा कि आतंकवादियों का कोई धर्म नहीं होता। आतंकवादियों को किसी धर्म से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

आडवाणी ने आरोप लगाया कि संप्रग सरकार अपने कार्यकाल में आतंकवादी गतिविधियों को रोक पाने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि जनता की रक्षा नहीं कर पाना इस सरकार की सबसे बड़ी विफलता है।

उन्होंने संप्रग सरकार पर घुसपैठियों को पनाह देने का प्रयास करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता ने संप्रग पर अफजल गुरु को फाँसी नहीं दिए जाने तथा जनता की रक्षा करते हुए शहीद होने वाले सुरक्षाकर्मियों के परिवारों को अपमानित करने का भी आरोप लगाया।