1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव

उड़नखटोलों से पहुँच रहे वोटर तक

लोकसभा चुनाव
पहले दौर के नामांकन पत्र जमा होते ही भाजपा का चुनाव प्रचार अभियान जोर पकड़ने लगा है। आक्रामक प्रचार में जुटी भाजपा अब अपने स्टार प्रचारकों के दौरे बना रही है। 15 अप्रैल को पीएम इन वेटिंग लालकृष्ण आडवाणी प्रदेश में अनेक चुनावी सभाएँ लेंगे। 16 को पार्टी अध्यक्ष राजनाथसिंह का कार्यक्रम भी बन गया है। भाजपा के तीन दिग्गज राज्य में लगातार हेलिकॉप्टर से ही उ़ड़ान भर रहे हैं।

प्रदेश भाजपा अपने दोनों दिग्गज नेताओं के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे रही है। इन दोनों नेताओं को किन-किन लोकसभा क्षेत्रों में घुमाया जाएगा यह कार्यक्रम बनाया जा रहा है। इसके साथ ही पार्टी के अन्य स्टार प्रचारकों के प्रवास कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। चुनाव में भाजपा ने प्रारंभ से ही अपने प्रचार अभियान को आक्रामक बनाने पर जोर दिया है।

दूसरे दौर के मतदान वाली 16 सीटों पर पर्चा दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल है। इसके बाद सभी दलों के स्टार प्रचारकों के दौरे शुरू हो जाएँगे।

भाजपा ने अपने चुनावी प्रचार के लिए हवाई बेड़ा भी तैयार किया है। पार्टी फिलहाल 3 हेलिकॉप्टर और एक हवाई जहाज के सहारे चुनावी जंग में जुटी हुई है। इनमें से एक हेलिकॉप्टर पूरे समय मुख्यमंत्री शिवराजसिंह के पास है। वे प्रतिदिन 8-10 तूफानी सभाएँ संबोधित कर रहे हैं। दूसरा उड़नखटोला प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्रसिंह तोमर एवं दूसरे नेताओं के हवाई दौरे में व्यस्त है।

पार्टी की चुनाव प्रभारी और विदिशा से उम्मीदवार सुषमा स्वराज को भी एक हेलिकॉप्टर सीधे केंद्रीय हाईकमान से मिला हुआ है। इस उड़नखटोले के जरिए वे प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ छत्तीसगढ़ और झारखंड के तूफानी दौरे भी कर रही हैं। पार्टी के स्टार प्रचारक आडवाणी-राजनाथ के साथ उनका अपना हवाई बेड़ा चल ही रहा है। भाजपा शुरुआती क्रम में अन्य दलों से आगे चल रही है।