1. मनोरंजन
  2. »
  3. बॉलीवुड
  4. »
  5. मुलाकात

मैं ऐसा ही हूं- अक्षय खन्ना

बॉलीवुड
बॉलीवुड के ज्यादातर सितारों का ध्यान अभिनय पर कम और खुद को चर्चा में बनाए रखने पर ज्यादा रहता है। दूसरी ओर अक्षय खन्ना चुपचाप काम से काम रखना चाहते हैं। वे अपनी फिल्म की रिलीज के दौरान ही सामने आते हैं। भले ही इससे उनके करियर को नुकसान पहुँचता हो, लेकिन उनका कहना है कि मैं ऐसा ही हूं।

रूमी जाफरी द्वारा निर्देशित अक्षय खन्ना की फिल्म "गली गली चोर है" फरवरी में रिलीज होने वाली है। एक आम आदमी भ्रष्टाचार के जाल में न चाहते हुए भी कैसे फँस जाता है, ये फिल्म में हास्य की चाशनी में डुबोकर दिखाया गया है। पेश हैं - अक्षय खन्ना से बातचीत के अंश।

कम फिल्म करने की वजह?

(रूमी जाफरी की ओर इशारा करते हुए) इसकी वजह ये हैं। इनके जैसे लेखक कम हैं। यदि अच्छा लिखने वाले हों तो मुझे फिल्म करने में कोई ऐतराज नहीं है। कौन रोजाना काम नहीं करना चाहता। मुझे भी घर बैठना पसंद नहीं है, लेकिन ढंग की स्क्रिप्ट तो लाओ।

"गली गली चोर है" में क्या ढंग का लगा?

कोई एक बात बताना मुश्किल है। पूरा पैकेज अच्छा लगना चाहिए। नितिन मनमोहन जैसा अच्छा प्रोड्यूसर हो। उम्दा निर्देशक हो। स्क्रिप्ट में दम हो। रोल में दम हो, तभी हां कहता हूं।

आप एक सुपरस्टार के बेटे हैं। "गली गली चोर में" आप आम आदमी बने हैं। कैसा लगा आम आदमी बनना?

मेरे मुताबिक हर आदमी आम है। इस किरदार को निभाने के लिए मैंने कोई खास तैयारी नहीं की है। मुझे इसकी जरूरत भी नहीं पड़ती। फिल्म में दिखाया गया है कि एक आम आदमी किस तरह से भ्रष्टाचार से जूझता है, लेकिन फिल्म बोझिल नहीं है। कोई लेक्चरबाजी नहीं है। फुल एंटरटेनमेंट है।

इन दिनों सारे सितारे एक्शन फिल्मों को महत्व दे रहे हैं। बॉडी बना रहे हैं। क्या आप भी एक्शन मूवी करने का इरादा रखते हैं?

र्मैं अलग हूं। जब सब ऐसा करना छोड़ देंगे। तब मैं करूंगा।

शादी कब करने वाले हैं?

फिलहाल कोई प्लान नहीं है।