• Webdunia Deals
  1. वेबदुनिया सिटी
  2. »
  3. मध्यप्रदेश
  4. »
  5. रतलाम
Written By Naidunia
Last Modified: रतलाम , सोमवार, 2 जनवरी 2012 (09:05 IST)

ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी 2 मृत, 30 घायल

रतलाम
सैलाना-शिवगढ़ मार्ग पर तहसील मुख्यालय सैलाना से करीब 8 किलोमीटर दूर भैरूघाटा पर रविवार रात 8.15 बजे बारातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलट गई। इससे दो लड़कियों की मौत हो गई और 30 घायल हो गए। इनमें 10 गंभीर घायलों को रात 10 बजे बाद जिला अस्पताल रतलाम लाकर भर्ती किया गया। घने कोहरे के कारण यह हादसा हुआ।


घायलों के अनुसार घाट उतरते समय गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 20 फुट गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस के अनुसार ग्राम भैरूघाटा से एक बारात ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर ग्राम गेणी थाना रावटी जा रही थी। कोहरा अधिक होने से सड़क पर ज्यादा दूर तक दिखाई नहीं दे रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली भैरूघाटा उतर रही थी, तभी वह असंतुलित होकर खाई में जा गिरी। इससे ट्रॉली में सवार संतोष पिता रूपा राणा (17) व संतोष पिता प्रभु (12) दोनों निवासी भैरूघाटा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर सैलाना एसडीओपी पीआर बरसेना और थाना प्रभारी बीआर चौहान सदल-बल पहुँचे। घायलों को पुलिस वाहन से सैलाना स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। रात 10 बजे 8 गंभीर घायलों को रतलाम जिला अस्पताल लाया गया। इसके बाद रात 10.30 एक अन्य वाहन में दो गंभीर घायलों को भी जिला अस्पताल लाया गया। एसडीओपी श्री बरसेना ने बताया कि कोहरे के कारण दुर्घटना होने की जानकारी मिली है। मामले की जाँच की जा रही है। दुर्घटना में चालक राजेश पिता शंभू खराड़ी (19) भैरूघाटा भी घायल हुआ है।