शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. वेबदुनिया सिटी
  2. »
  3. मध्यप्रदेश
  4. »
  5. खरगोन
Written By Naidunia
Last Modified: खरगोन , शनिवार, 1 अक्टूबर 2011 (22:58 IST)

डिवाइडर निर्माण को मिलेगी हरी झंडी

डिवाइडर निर्माण को मिलेगी हरी झंडी -
शहर की सबसे महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ खतरनाक कहे जाने वाले डायवर्शन रोड पर बहुप्रतीक्षित डिवाइडर निर्माण को 2 अक्टूबर को हरी झंडी मिल जाएगी। सांसद की मौजूदगी में अन्य अतिथि इस कार्य का भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही कई मार्गों के सीमेंटीकरण का भूमिपूजन भी इस दिन किया जाएगा। डेढ़ करोड़ से अधिक लागत के इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से नागरिकों को काफी सुविधा होगी।


इन निर्माण कार्यों के भूमिपूजन समारोह में सांसद मकनसिंह सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष जगदीश पटेल, विधायक बालकृष्ण पाटीदार, कलेक्टर डॉ. नवनीत मोहन कोठारी व नपा प्रशासक एसपीएस चौहान अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम सुबह 10.30 बजे से शुरू होगा। मुख्य नपा अधिकारी डॉ. एसआर यादव ने बताया कि डिवाइडर निर्माण पर 43.07 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके साथ ही डिवाइडर केंद्रित विद्युत पोल स्थापित किए जाएँगे।


कार्यपालन यंत्री गजानंद चौहान ने बताया कि अतिथियों द्वारा बस स्टैंड फव्वारा तिराहे से गजानंद सोनी प्रतिमा तक सीमेंट कांक्रीटीकरण का भूमिपूजन किया जाएगा। साथ ही फव्वारा तिराहे से जवाहर मार्ग तक के सीमेंटीकरण का भूमिपूजन भी होगा। श्री चौहान के अनुसार वार्ड-1 में रंगरेजवाड़ी मस्जिद के पास से कुंदा नदी तक नाला निर्माण का भूमिपूजन भी किया जाएगा। इन सभी निर्माण कार्यों पर 1 करोड़ 67 लाख 54 हजार रुपए खर्च किए जाएँगे। नपा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजीजुद्दीन शेख ने कहा कि डिवाइडर का काम सबसे पहले पूर्ण होना चाहिए।


नईदुनिया ने उठाए थे मुद्दे

गौरतलब है डिवाइडर निर्माण को लेकर नईदुनिया ने कई बार प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया था। इस मार्ग पर खंडवा-वडोदरा और चित्तौड़गढ़-भुसावल राष्ट्रीय राजमार्ग के यातायात का दबाव होने से यहाँ अक्सर दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। इस मार्ग से कई कॉलोनियों और स्कूलों की ओर जाने वाले मार्ग भी जुड़े हैं। लगातार खबरों के प्रकाशन के बाद ही इसके निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। श्राद्ध पक्ष के पूर्व कार्य शुरू करने की पूरी तैयारी कर ली गई थी। परंतु ऐन वक्त पर कार्य को रोक दिया गया। अन्य जर्जर मार्गों के निर्माण को लेकर भी नईदुनिया जनता की आवाज बनता आ रहा है। -निप्र