Ghaziabad Uttar Pradesh News : गाजियाबाद पुलिस ने लगभग 2 करोड़ के 700 मोबाइल रिकवर करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इन मोबाइलों को असली स्वामियों तक पहुंचाया तो उनके चेहरे खिल उठे,जो पुलिस द्वारा आम नागरिकों में जनसेवा के भाव को दिखाता है। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट सेट्रांस हिंडन जोन के विभिन्न थानों में बड़ी संख्या में मोबाइल चोरी, छिनैती और गुम होने की शिकायतें दर्ज हो रही थीं।
आम नागरिकों की परेशान देखकर इन सभी मामलों को CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज किया गया, जहां से इनकी टेक्निकल निगरानी शुरू हो गई। गाजियाबाद की सर्विलांस टीम तथा नगर और ट्रांस हिंडन जोन के विभिन्न थानों के संयुक्त प्रयास से कुल 700 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपए के आसपास है।
शनिवार को पुलिस लाइन में मेजों के ऊपर मोबाइल फोन रखे गए तो ऐसा लगा मानो कोई प्रदर्शनी है या किसी दुकान पर सजे हुए मोबाइल हैं। लेकिन यह मोबाइल बिक्री के नही थे, बल्कि विशेष कार्यक्रम में इन मोबाइल के वास्तविक स्वामियों को फोन की पहचान करवाते हुए उन्हें सौंपा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मोबाइल चोरी, स्नैचिंग और गुमशुदगी के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल का व्यापक उपयोग किया गया। सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया और मैनुअल इनपुट के संयोजन से इन कीमती मोबाइल फोन को ट्रैक कर सफलता प्राप्त की।
पुलिस ने ये मोबाइल दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा हरियाणा, राजस्थान और अन्य राज्यों से बरामद किए हैं। जिन लोगों के पास से ये खोए या चोरी के मोबाइल मिले हैं, पुलिस अब उनका नेटवर्क खंगाल रही है, उनसे पूछताछ कर रही है कि यह मोबाइल उन तक कैसे पहुंचे? कहां से खरीदे? ताकि चोरी और लूट की घटनाओं में शामिल गिरोहों तक पहुंचकर उनकी कमर तोड़ी जा सके।
रिकवरी अभियान के अंतर्गत विभिन्न थानों की उल्लेखनीय भूमिका रही। कोतवाली नगर से 102 मोबाइल, कौशाम्बी से 80, इंदिरापुरम से 78, विजयनगर से 75, खोड़ा से 44, शालीमार गार्डन से 43, कविनगर से 42, साहिबाबाद से 38 और लिंक रोड से 35 मोबाइल फोन बरामद किए गए। वहीं सिहानीगेट, मधुबन बापूधाम और क्रॉसिंग रिपब्लिक से प्रत्येक में 30 मोबाइल, नंदग्राम से 27, टीला मोड़ से 25, वेव सिटी से 15 और साइबर थाने से 6 मोबाइल फोन रिकवर किए गए।
जब ये खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंपे गए, तो लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी। नागरिकों ने गाजियाबाद पुलिस की इस सराहनीय पहल के लिए दिल से धन्यवाद व्यक्त किया। यह अभियान न केवल पुलिस की कार्यकुशलता और विश्वसनीय को बताता है, बल्कि आम जनता के दिलों में खाकी के प्रति विश्वास भी मजबूत करता है।
Edited By : Chetan Gour