Dhanteras
Sun, 8 Nov 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. विधानसभा चुनाव 2017
  3. उत्तरप्रदेश
  4. UP Assembly in 2017, third phase

उत्तरप्रदेश चुनाव का तीसरा चरण : 250 करोड़पति, 110 आपराधिक मामले वाले उम्मीदवार

UP Assembly in 2017
नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव का तीसरा चरण रविवार को होगा जिसके लिए कुल 250 करोड़पति उम्मीदवार मैदान में हैं जबकि 110 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनके खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं।
‘उत्तर प्रदेश इलेक्शन वाच’ तथा ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफ्राम्स (एडीआर) ने तीसरे चरण के चुनाव में खड़े 105 राजनीतिक दलों के 826 उम्मीदवारों में से 813 के हलफनामों का विश्लेषण किया है। इन 105 दलों में 6 मान्यता प्राप्त दल, 7 क्षेत्रीय दल और 92 दल गैर मान्यता प्राप्त दल हैं। चुनाव में 225 निर्दलीय प्रत्याशी भी खड़े हैं। दिल्ली स्थित एडीआर की रिपोर्ट में मंगलवार को कहा गया है, 813 प्रत्याशियों में से 250 प्रत्याशी (31 फीसदी) करोड़पति हैं। 
 
बसपा के 67 प्रत्याशियों में से 56 प्रत्याशी, भाजपा के 68 प्रत्याशियों में से 61 प्रत्याशी, सपा के 59 प्रत्याशियों में से 51 प्रत्याशी, कांग्रेस के 14 में से सात प्रत्याशी, रालोद के 40 में से 13 प्रत्याशी और 225 निर्दलीयों में से 24 प्रत्याशियों ने एक करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति घोषित की है।
 
 रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में अपनी किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 1.61 करोड़ रुपए की है। इसमें कहा गया है कि कुल 208 प्रत्याशियों ने अपने पैन का ब्यौरा नहीं दिया है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि जिन 813 प्रत्याशियों के हलफनामों का विश्लेषण किया गया है, उनमें से 110 (14 फीसदी) ने बताया है कि उनके खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं।
 
इसमें कहा गया है कि 82 प्रत्याशियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसे गंभीर आपराधिक मामले चल रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, आपराधिक मामले वाले इन 110 प्रत्याशियों में से 21 भाजपा के, 21 बसपा के, पांच रालोद के, 13 सपा के, पांच कांग्रेस के और 13 निर्दलीय हैं। (भाषा)
ये भी पढ़ें
वाराणसी में 30 प्रत्याशियों ने किया नामांकन