1. खेल-संसार
  2. टी-20 विश्व कप 2024
  3. टी-20 विश्व कप न्यूज़
  4. 5 Matchups to look out for in the coveted India vs South Africa T20I WC Final

इन 5 Match ups पर रहेंगी निगाहें, कौन सा बल्लेबाज किस गेंदबाज के खिलाफ बनाएगा रणनीति?

India
INDvsSA भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 विश्व कप फाइनल से पहले पांच उन अहम व्यक्तिगत मुकाबलों पर नजर जिनसे खेल के नतीजे पर असर पड़ सकता है।

1. रोहित शर्मा बनाम मार्को जेनसन :

यह कोई मशहूर प्रतिद्वंद्विता नहीं है लेकिन पाकिस्तान के मोहम्मद आमिर और शाहीन शाह अफरीदी समेत बायें हाथ के तेज गेंदबाज उन्हें परेशान करते आये हैं । फॉर्म में चल रहे जेनसन इसका फायदा उठा सकते हैं। वैसे आंकड़ें रोहित के पक्ष में हैं जो टी20 मैचों में नौ पारियों में जेनसन का सामना कर चुके हैं और सिर्फ एक बार उनकी गेंद पर आउट हुए हैं।

2. विराट कोहली बनाम कैगिसो रबाडा :

भारतीय टीम भले ही टी20 विश्व कप में अभी तक अपराजेय रही है लेकिन विराट कोहली का फॉर्म चिंता का सबब है जो 7 मैचों में सिर्फ 75 रन बना सके हैं। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा आठ मैचों में 12 विकेट ले चुके हैं और उनका इकॉनॉमी रेट छह से कम रहा है।कोहली को रबाडा की गेंदों का सामना करते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी। रबाडा 12 पारियों में चार बार कोहली को आउट कर चुके हैं।

3 . ऋषभ पंत बनाम केशव महाराज :

यह मुकाबला रोचक होगा। पंत अभी तक सात मैचों में 171 रन बना चुके हैं और महाराज ने नौ विकेट ले लिये हैं। पंत तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे हैं और पहले दस ओवर में उनका सामना महाराज से हो सकता है। पंत को उनके गैर पारंपरिक शॉट्स खेलने से बचाने के लिये महाराज को सटीक गेंदबाजी करनी होगी।

4 . जसप्रीत बुमराह बनाम क्विंटोन डिकॉक :

डिकॉक ने इस विश्व कप के आठ मैचों में 204 रन बनाये हैं। अब उनका सामना दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से होगा जो 4.12 की इकॉनॉमी रेट से 13 विकेट ले चुके हैं। डिकॉक को बुमराह के सामने बेहद संभलकर खेलना होगा।

5 . अक्षर पटेल या कुलदीप यादव बनाम हेनरिच क्लासेन :

क्लासेन स्पिनरों को खेलने में माहिर हैं लेकिन इस विश्व कप में आठ मैचों में 138 रन ही बना सके हैं। उन्हें अक्षर और कुलदीप के सामने सावधान रहना होगा। (भाषा)
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
शेफाली ने Women Test का सबसे तेज दोहरा शतक जड़ा, मंधाना के साथ 292 रन की पार्टनरशिप