फेड रेट कट ने बदली बाजार की चाल, निवेशकों ने दिखाया उत्साह, कैसा रहेगा दिसंबर का तीसरा हफ्ता
Share market review Market ki Baat : भारतीय शेयर बाजार के लिए दिसंबर का दूसरा हफ्ता मिला मिलाजुला रहा। पहले 3 दिन बाजार में गिरावट रहीं। आखिरी 2 दिन बाजार बढ़त दिखाई दी। हफ्ते भर निफ्टी 26,000 से नीचे रहा हालांकि आखिरी दिन किसी तरह यह 26,000 के पार पहुंच गया। सेंसेक्स भी 85,200 के मनौवैज्ञानिक स्तर के पार पहुंच गया। जानिए मार्केट ट्रेड और निवेशकों के लिए कैसा रहेगा दिसंबर का तीसरा सप्ताह।
कैसी रही सेंसेक्स और निफ्टी की चाल : हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 602 अंक गिरकर 85102 पर पहुंच गया। निफ्टी 226 अंकों की गिरावट के साथ 26,000 के नीचे बंद हुआ। मंगलवार को सेंसेक्स 436 अंक गिरकर 84,666 पर जा पहुंचा। निफ्टी भी 121 अंकों की गिरावट के साथ 25,840 के नीचे बंद हुआ। बुधवार को सेंसेक्स में 275 अंकों की गिरावट आई तो निफ्टी भी 82 अंकों की गिर गया। इस तरह पहले 3 दिन में सेंसेक्स 1321 अंक गिर गया।
आखिरी 2 दिन भारतीय शेयर बाजार के लिए बेहतर रहे। गुरुवार को सेंसेक्स 427 अंक बढ़कर 84,818 पर बंद हुआ। निफ्टी 141 अंकों की बढ़त के साथ 25,899 पर पहुंच गया। हफ्ते के आखिरी दिन सेंसेक्स 450 अंक बढ़कर 85,268 पर बंद हुआ। निफ्टी 148 अंक बढ़कर 26,047 के नीचे बंद हुआ।
इन फैक्टर्स से तय हुई बाजार की चाल : हफ्ते की शुरुआती 3 दिन विदेशी निवेशकों ने बाजार में मुनाफा वसूली की तो घरेलू निवेशक भी सतर्क दिखाई दिए। रुपए की कमजोरी से भी शेयर बाजार में निवेश की धारणा प्रभावित हुई। डीआईआई की खरीदरी ने बाजार को सकारात्मक बनाया।
फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर घटाने दुनियाभर के बाजारों में तेजी आई। इसने भारतीय शेयर बाजार में भी निवेश का माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मेटल, रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, आईटी जैसे क्षेत्रों में खरीदारी ने बाजार को ऊपर धकेला।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट : बाजार विशेषज्ञ मनीष उपाध्याय ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा रेट कट के फैसले से शेयर बाजार की चाल बदली है। अगले हफ्ते भी बाजार सकारात्मक दिशा में बढ़ता दिखाई दे सकता है।
कैसा रहेगा अगला हफ्ता : उपाध्याय ने कहा कि एफआईआई ने पिछले 15 दिनों में बिकवाली की है अब वे भी निवेश के मूड में नजर आ रहे हैं। चीन समेत कई देशों में भी रेपो रेट को लेकर केंद्रीय बैंकों की बैठक होना है। इसका असर पर पड़ेगा। रुपए की वैल्यू में अगर सुधार होता है तो बाजार सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगा। इस हफ्ते निफ्टी में 500 अंकों की उठापटक दिखाई दे सकती है।
इस बीच कोटक सिक्योरिटीज ने भारतीय शेयर मार्केट को लेकर एक बड़ा अनुमान जारी किया है। ब्रोकरेज फर्म का दावा है कि निफ्टी 2026 के अंत तक 24 प्रतिशत तक की बड़ी छलांग लगा सकता है और सीधे 32,000 के पार पहुंच सकता है। रिपोर्ट में कहा गया कि पिछले एक साल के रिटर्न के बताते हैं कि निवेशकों को कुछ खास फायदा नहीं हुआ है। सबसे बड़ी चिंता की बात है कि विदेशी निवेशक लगातार भारतीय बाजार से पैसे निकाल रहे हैं। लेकिन घरेलू निवेशकों से बाजार को लगातार सपोर्ट मिल रहा है।
अस्वीकरण : यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।