1. समाचार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. sensex snaps 5 day winning run falls 59 points nifty below

सेंसेक्स 59 अंक टूटा, निफ्टी में भी गिरावट

Mumbai stock market
मुंबई। शेयर बाजारों में पिछले पांच कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर बुधवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 59 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच इन्फोसिस, एचयूएल और एचडएफसी बैंक में गिरावट से शेयर बाजार नीचे आए।
 
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 58.81 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 37,871.52 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसमें 599 अंक का उतार-चढ़ाव आया।
 
इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 29.65 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 11,132.60 अंक पर बंद हुआ।
 
 सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक नुकसान में एचयूएल रही। इसमें करीब 3 प्रतिशत की गिरावट आयी। इसके अलावा टाटा स्टील, इन्फोसिस, मारुति, इंडसइंड बैंक, एल एंड टी, एशियन पेंट्स और टीसीएस के शेयर भी टूटे।
 
दूसरी तरफ एक्सिस बैंक, टाइटन, पावरग्रिड, आईटीसी, एनटीपीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर लाभ में रहे।
कारोबारियों के अनुसार शेयर केंद्रित कदम के अलावा मुनाफावसूली से बाजार नीचे आया। इसके अलावा वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख से भी निवेशक थोड़े सतर्क दिखे।
 
चीन में शंघाई शेयर बाजार लाभ में रहा जबकि हांगकांग, दक्षिण कोरिया का सोल और जापान को टोक्यो बाजार नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। 
 
इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.74 प्रतिशत टूटकर 43.99 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। विदेशी विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 74.75 पर स्थिर बंद हुआ। (भाषा)