Share Bazaar में लगातार चौथे दिन गिरावट, Sensex 548 अंक लुढ़का, Nifty भी टूटा
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से पॉवर ग्रिड, टाटा स्टील, जोमैटो, टाइटन, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी और टाटा मोटर्स प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
Share bazaar News: स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही और बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 548 अंक लुढ़क गया। अमेरिकी के शुल्क लगाने की चेतावनी से निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है और बैंक, धातु तथा पेट्रोलियम शेयरों में बिकवाली हुई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NSE Nifty) भी 178.35 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,381.60 अंक पर बंद हुआ।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिका की शुल्क लगाने की चेतावनी का बाजार धारणा पर असर जारी है। निवेशक सतर्क रुख अपनाते हुए अपना निवेश सोने जैसे सुरक्षित माने जाने वाले उत्पादों में लगा रहे हैं।
इन प्रमुख कंपनियों के शेयरों में रहा उतार-चढ़ाव : सेंसेक्स के 30 शेयरों में से पॉवर ग्रिड, टाटा स्टील, जोमैटो, टाइटन, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी और टाटा मोटर्स प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज शामिल हैं। सेंसेक्स 5 फरवरी से 4 कारोबारी सत्रों में 1,272 अंक और निफ्टी 357 अंक नीचे आ चुके हैं।
ALSO READ: Thane: शेयर बाजार में निवेश का लालच देकर महिला से ठगे 1.85 करोड़
एशियाई और अमेरिकी बाजारों में : एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बंद थे।
ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) चढ़ा और एफआईआई (FII) शुक्रवार को बिकवाल रहे : शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 470.39 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.04 प्रतिशत चढ़कर 75.44 डॉलर प्रति बैरल रहा।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें