बगलामुखी सिद्धपीठ
बड़ी खेरमाई का प्राचीन इतिहास
FILE
शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने अपने गुरु ब्रह्मानंद सरस्वती महाराज की प्रेरणा से बगलामुखी सिद्धपीठ तैयार कराया। यह कार्य शंकराचार्य के शिष्य ब्रह्मचारी सुबुद्धानंद ने संपन्न कराते हुए 18 जुलाई 1999 में तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से भूमि पूजन कराया था।
जबलपुर के सिविक सेंटर में बने मंदिर में 7 फरवरी 2000 में काशी के विद्वानों द्वारा शतचण्डी महायज्ञ कराया गया। तत्पश्चात शंकराचार्यजी द्वारा पीतांबरा भगवती पराम्बा बगला की प्रतिष्ठा कराई गई। इस सिद्धपीठ में नवरात्रि के दौरान मनोकामना कलश स्थापना के साथ ही भगवती का नौ दिनों तक विशेष श्रृंगार ब्रह्मचारी चैतन्यानंद महाराज द्वारा कराया जाता है।
FILE
ऐसा बताया जाता है कि एक बार गोंड राजा मदनशाह मुगल सेनाओं से परास्त होकर यहां खेरमाई मां की शिला के पास बैठ गए। तब पूजा के बाद उनमें नया शक्ति संचार हुआ और राजा ने मुगल सेना पर आक्रमण कर उन्हें परास्त किया। तभी से लोग इस शिला का पूजन कर रहे हैं। लगभग 500 वर्ष पहले गोंड राजा संग्रामशाह ने मढि़या की स्थापना उक्त स्थल पर कराई थी।
पूजन की परंपरा : नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में मुख्य पूजा वैदिक रूप से होती है। आदिवासी पण्डों द्वारा अभी भी लोक परंपरा से माता का पूजन किया जाता है। नवरात्रि और अन्य अवसरों पर महाकौशल के आदिवासी अंचलों से बड़ी संख्या में आदिवासी पूजन करने यहां आते हैं। वे मां खेरमाई को अपनी आराध्य देवी मानते हैं।
FILE
राजा कोकल्यदेव ने बनवाया मंदिर : चारखंबा स्थित बूढ़ी खेरमाई मंदिर कल्चुरिकालीन है। इसे राजा कोकल्यदेव ने बनवाया था। जो कई वर्षों तक अव्यवस्था के कारण जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच गया था। 1980 में इस मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया। तब से लेकर लगातार इस मंदिर में आस्थावानों का पहुंचना जारी है। नवरात्रि के दौरान उपासना के लिए मंदिर में सैकड़ों की संख्या में भक्त परिवार सहित पहुंचते हैं।
ऐसी मान्यता है कि यहां पूजन करने से मनोकामना पूर्ण होती है। यह स्थान सदियों से सनातन धर्मावलंबियों के आस्था का केन्द्र है। वर्तमान में इस मंदिर की व्यवस्था जिला प्रशासन के हाथ में है।
FILE
पंडा की मढि़या : गंगानगर चौक के आगे पंडा की मढि़या काफी प्राचीन देवी-पीठ है। यहां मातारानी के विग्रह दर्शनीय हैं। उनके साथ ही अन्य देवताओं के भी विग्रह प्रतिष्ठित हैं। मंदिर की बनावट प्राच्य स्थापत्य शैली की है। इसके ठीक सामने गोंडवाना काल का तालाब है। पहले यह साफ-सुथरा था जिससे जल लेकर देवी को अर्पित किया जाता था, लेकिन अब इसका अस्तित्व संकट में है। मंदिर में नौ दिनों तक विशेष अनुष्ठान भी होता है।
