गुरुवार, 17 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Youth murdered for protesting against molestation of sister and niece in Bhopal
Written By
Last Updated :भोपाल , रविवार, 1 अक्टूबर 2023 (00:02 IST)

भोपाल में युवक की पत्थर मारकर हत्या, बहन व भतीजी से छेड़छाड़ का किया था विरोध

Youth murdered in Bhopal for protesting against molestation
Madhya Pradesh Crime News : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अपनी बहन और भतीजी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर 44 वर्षीय एक व्यक्ति की पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने महिलाओं को भी पीटा और मौके से भाग गया। यह घटना पुराने शहर में भोपाल टॉकीज ओवरब्रिज के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात हुई।
 
हालांकि पुलिस ने इस बात से इनकार किया कि छेड़छाड़ के कारण यह घटना हुई। दूसरी ओर, कांग्रेस नेताओं ने शनिवार को मृतक के परिवार से मुलाकात के बाद दावा किया कि यह घटना इसलिए हुई क्योंकि व्यक्ति ने अपनी बहन और भतीजी के साथ छेड़छाड़ का विरोध किया था।
 
मंगलवारा पुलिस थाने के प्रभारी संदीप पवार ने शनिवार को बताया कि घटना पुराने शहर में भोपाल टॉकीज ओवरब्रिज के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब दो बजे हुई। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान के बाद आरोपी विनोद ठाकुर (26) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
 
पवार ने बताया कि पीड़ित अमित सिरोलिया अपनी बहन और भतीजी के साथ गणेश विसर्जन का जुलूस देखने गया था। उन्होंने बताया कि तीन युवकों के बीच झगड़ा हो गया और उनमें से एक बाद में लड़कियों के पास बैठ गया। उन्होंने बताया कि अमित ने व्यक्ति के वहां बैठने का विरोध किया जिससे विवाद बढ़ गया।
 
पवार ने बताया कि विवाद के बाद आरोपी विनोद ने पास में रखा पत्थर उठाया और पीड़ित के सिर में मार दिया। आरोपी ने बाद में महिलाओं को भी पीटा और मौके से भाग गया। गंभीर रूप से घायल पीड़ित को बाद में जब सरकारी हमीदिया अस्पताल ले जाया गया तो वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
 
शनिवार शाम को पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक और पार्टी विधायक आरिफ मसूद पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। पीड़ित परिवार से मिलने के बाद रागिनी नायक ने कहा कि बहन और भतीजी के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर युवक की हत्या कर दी गई।
 
उन्होंने कहा, अमित सिरोलिया की हत्या इसलिए की गई, क्योंकि वह मामा और भाई होने का अपना कर्तव्य निभा रहा था। नायक ने कहा कि प्रदेश में आए दिन ऐसा हो रहा है। उन्होंने कहा, अगर शिवराज सिंह चौहान ने मामा होने का फर्ज निभाया होता तो अमित की जान बच सकती थी। पवार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
मानसून की विदाई, देश में औसत से 6 प्रतिशत कम बारिश