कोलकाता में भारी बारिश, जनजीवन ठप, करंट लगने से 7 की मौत
Kolkata Rain : कोलकाता में रातभर मूसलधार बारिश से मंगलवार को जनजीवन ठप हो गया है। भारी बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए, जिससे यातायात, सार्वजनिक परिवहन और ट्रेन सेवाएं बुरी तरह बाधित हुईं। इस दौरान करंट लगने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई।
कोलकाता में कई जगह सड़कों पर कमर तक पानी भरा हुआ है। इससे अधिकांश मुख्य सड़कों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ब्लू लाइन के एक लंबे हिस्से पर मेट्रो सेवाएं स्थगित कर दी गईं। भारी बारिश और सड़कों पर पानी भर जाने के कारण कई स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी है। कलकत्ता विश्वविद्यालय और जादवपुर विश्वविद्यालय ने भी दिन भर के लिए सभी शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित कर दीं।
क्या बोली CM ममता बनर्जी : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बंगाली समाचार चैनल से कहा कि मैंने ऐसी बारिश पहले कभी नहीं देखी। मुझे उन लोगों के लिए बहुत दुख हो रहा है जिन्होंने बादल फटने के कारण अपनी जान गंवाई है। मैंने सुना है कि खुले तारों से करंट लगने से सात-आठ लोगों की मौत हो गई है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है... उनके परिवारों को सीईएससी द्वारा नौकरी दी जानी चाहिए। मैं यह स्पष्ट रूप से कह रही हूं। हम भी हरसंभव मदद करेंगे।The tragic death of 5 people in Kolkata due to heavy rain & waterlogging is deeply saddening. Just days before #Durga_Puja, such chaos exposes the utter mismanagement & apathy of the @AITCofficial govt.
— Priyangu Pandey (@PriyanguBJP) September 23, 2025
Prayers for the departed souls & strength to their families. #Kolkata… pic.twitter.com/icPZJFJx9z
उन्होंने कहा कि बिजली की आपूर्ति सीईएससी द्वारा की जाती है, न कि हमारे द्वारा। यह सुनिश्चित करना उनका कर्तव्य है कि लोगों को इससे परेशानी न हो। वे यहां व्यापार करेंगे, लेकिन आधुनिकीकरण नहीं करेंगे? उन्हें लोगों को भेजकर इसे ठीक करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां तक कि हमारे मकान भी जलमग्न हैं, हम सब परेशान हैं। मुझे पूजा पंडालों के लिए भी बहुत बुरा लग रहा है। स्कूलों को छुट्टियां घोषित करने के लिए कहा गया है और कार्यालय जाने वालों को आज और कल घर पर रहने की सलाह दी गई है।
क्या बोले महापौर : कोलकाता के महापौर और राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हाकिम ने बताया कि शहर के अधिकांश हिस्सों में जलभराव हो गया है और कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की टीम पानी निकालने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही हैं। केएमसी अधिकारी कड़ी मेहनत कर रहे हैं लेकिन नहरें और नदियां पानी से लबालब भरी हैं और हर बार जब पानी निकाला जाता है, तो शहर के अंदर और पानी घुस रहा है। रात लगभग 10 बजे तक स्थिति में सुधार होने की उम्मीद की जा सकती है।
IMD ने दी चेतावनी : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण दक्षिण बंगाल के कई जिलों में और भारी बारिश होने की संभावना है। बुधवार तक दक्षिण बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम और बांकुड़ा जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। 25 सितंबर के आसपास पूर्व-मध्य और उससे सटे उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक और नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
edited by : Nrapendra Gupta

