गुरुवार, 26 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. In Meerut, a woman's chain was robbed in 3 seconds
Last Updated :मेरठ , शनिवार, 23 अगस्त 2025 (23:09 IST)

मेरठ में महिला से 3 सेकंड में लूटी चेन, पुलिस ने 24 घंटे में CCTV की मदद से पकड़े लुटेरे

In Meerut
Meerut Uttar Pradesh Crime News : सदर थाना क्षेत्र के रंजीतपुरी मोहल्ले में उत्तराखंड से आई मेहमान महिला की चेन उस समय लूट गई जब वह मंदिर जा रही थी। चेन लूट से हड़कंप मच गया, पुलिस ने शिकायत मिलते ही एक्शन लिया और मात्र 24 घंटे के अंदर लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर दिया है। मामला 22 अगस्त का है, उत्तराखंड के हल्द्वानी से मेरठ में पुष्पा जोशी अपने रिश्तेदारों के घर आई थीं। जब वह भगवान के दर्शनों के लिए परिजनों के साथ मंदिर जा रही थीं, तभी बाइक सवार 2 बदमाश मात्र 3 सेकंड में उनकी सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

वारदात के बाद मेरठ पुलिस तुरंत हरकत में आई। चेन स्नेचर को पकड़ने के लिए 3 टीमें गठित की गईं, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिर की मदद से आरोपियों की पहचान की। दोनों बदमाशों को चंद घंटों की मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 2 लाख रुपए मूल्य की लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, लुटेरे चीनू उर्फ यक्षेन्द्र और हिमांशु पेशेवर लुटेरे हैं। इससे पहले भी ये दोनों कई ऐसी घटनाओं में संलिप्त रह चुके हैं। उनकी गिरफ्तारी से इलाके में दहशत का माहौल खत्म हुआ है और स्थानीय लोग राहत महसूस कर रहे हैं। वहीं पीड़ित महिला पुष्पा जोशी व उनकी परिजनों ने मेरठ पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी जल्दी न्याय मिलेगा।
इस तेज कार्रवाई से न केवल मेरठ पुलिस की चुस्ती-सतर्कता का उदाहरण सामने आया है, बल्कि उत्तराखंड से आई महिलाओं का भरोसा भी कायम हुआ है। घटना के खुलासे से न केवल अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं, बल्कि जनता में भी पुलिस का इकबाल मजबूत हुआ है।
Edited By : Chetan Gour