पहाड़ी से मिला भारतीय का शव
ND
ओमान में 10 जुलाई से लापता एक भारतीय व्यक्ति का शव राजधानी मस्कट से 140 किमी दूर निजवा की एक पहाड़ी से बरामद हुआ। स्थानीय मीडिया ने यह खबर दी है। ‘द टाइम्स ऑफ ओमान’ ने खबर दी कि मानसिक समस्याओं से पीड़ित प्रवीण पिछले तीन साल से इसी क्षेत्र की एक पुताई की दुकान पर काम कर रहा था।
उसके एक मित्र ने कहा, ‘प्रवीण पिछले तीन साल से हमारे साथ काम कर रहा था। वह ईमानदारी से काम करता था। लेकिन हाल में उसमें कुछ हल्की मानसिक दिक्कतें दिखनी शुरू हो गई थीं।’
उन्होंने कहा, ‘उसके दुकान से जाने के बाद हमने उससे कई बार बात की। हमने उसके मोबाइल पर फोन किया और उससे वापस आने के लिए कहा। हमने उससे कहा कि वह जहां भी है हम बुलाने के लिए कार भेज देंगे।’
दोस्त ने कहा, ‘लेकिन उसने आने से मना कर दिया। जब हमने उसे फिर फोन किया तो उसने कहा कि वह एक होटल में खाना खा रहा है और चिंता की कोई बात नहीं है। बाद में उससे संपर्क टूट गया और हमने लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।’ एक दोस्त ने कहा कि उसकी हवाई जहाज की टिकट खरीद कर भारत वापस लौटने की भी योजना थी।
उन्होंने कहा कि प्रवीण ने इस साल की शुरुआत में शादी की थी और कुछ दिन की छुट्टी के बाद वह फिर से काम पर आने लगा था। (भाषा)

