आनंद जॉन को कोर्ट से राहत
ND
नाबालिगों समेत महिलाओं के साथ बलात्कार और यौन दुराचार करने के आरोपी भारतीय मूल के अमेरिकी फैशन डिजाइनर आनंद जॉन को मैनहट्टन की अदालत से उस समय कुछ राहत मिली जब न्यायाधीश ने उसके खिलाफ लगे कुछ आरोपों को खारिज कर दिया।
‘द न्यूयार्क पोस्ट’ ने खबर दी है कि डिस्ट्रिक्ट वकील के कार्यालय की सिफारिश के आधार पर अदालत ने उसके खिलाफ तीन लोगों के आरोपों को खारिज कर दिया।
आनंद के वकील एडम फ्रीडमैन ने कहा, ‘आनंद जॉन हमेशा से कहता रहा है कि वह निर्दोष है।’ फ्रीडमैन ने कहा कि अदालत द्वारा खारिज किए गए आरोपों में एक महिला से जुड़ा है ‘जो उसे (जॉन) को लंबे समय से जानती थी।’ सन् 2002 से 2006 के बीच कम से कम नौ महिलाओं एवं नाबालिग लड़कियों से यौन दुराचार करने के मामलों में जॉन को जनवरी में 59 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी लेकिन उसने इन सभी मामलों में अपने आपको बेगुनाह बताया था। भारत में जन्मे आनंद ने 1999 में फैशन की दुनिया में कदम रखा था। उसका मूल नाम एलेक्जेंडर है।

