उपराष्ट्रपति चुनाव : कौन होगा विपक्ष का उम्मीदवार, क्या होगा दक्षिण बनाम दक्षिण का मुकाबला?
उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष उतार सकता है संयुक्त उम्मीदवार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर सोमवार शाम कई विपक्षी नेताओं ने मुलाकात की और उपराष्ट्रपति पद के लिए अपने संयुक्त उम्मीदवार के नामों पर चर्चा की। कुछ नाम सुझाए गए, जिनमें तमिलनाडु से भी कुछ नाम शामिल थे।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि संसद में सभी विपक्षी दलों के नेताओं की एक बैठक मंगलवार 19 अगस्त को दोपहर साढ़े 12 बजे 10, राजाजी मार्ग पर होगी।
इससे पहले दिन में रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने नए उपराष्ट्रपति के सर्वसम्मति से चुनाव के लिए राज्यसभा में विपक्ष के नेता खरगे सहित कुछ विपक्षी दलों के नेताओं से संपर्क किया और सी पी राधाकृष्णन की उम्मीदवारी के लिए उनका समर्थन मांगा।
हालांकि, सूत्रों ने कहा कि विपक्ष 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में संयुक्त उम्मीदवार उतार सकता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए ऐसे गैर-राजनीतिक चेहरे को मैदान में उतारना चाहता है, जिसकी राष्ट्रीय प्रतिष्ठा और कद हो।
बताया जा रहा है कि द्रमुक के वरिष्ठ नेताओं ने उपराष्ट्रपति पद के लिए इसरो के एक वैज्ञानिक का नाम प्रस्तावित किया है, जो तमिलनाडु से हैं और काफी सम्मानित हैं। कांग्रेस इस उम्मीदवारी के लिए तैयार है। वरिष्ठ द्रमुक नेता तिरुचि शिवा का नाम भी चर्चा में है, लेकिन अन्य विपक्षी नेताओं के साथ अभी इस पर चर्चा होनी बाकी है।
शिवा ने हालांकि यह कहते हुए इस संबंध में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि इस मामले पर उनका नेतृत्व फैसला लेगा।
गौरतलब है कि राजग ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार बनाया है। वह तमिलनाडु से हैं, जहां 2026 में चुनाव होने हैं। (भाषा)
edited by : Nrapendra Gupta