1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. uttarakhand chardham yatra will start from 8 june

8 जून से शुरू होगी चारधाम यात्रा, इन बातों का रखा जाएगा विशेष ध्यान

Chardham yatra
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने मंगलवार को कहा कि 8 जून से चारधाम यात्रा सीमित तरीके से शुरू हो जाएगी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता मदन कौशिक ने यहां बताया कि हम 8 जून से चारधाम यात्रा शुरू करने की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा शुरुआत में सीमित तौर पर शुरू होगी और बाद में अन्य राज्य सरकारों से बातचीत करने के बाद इसको दूसरे राज्यों के तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए भी खोल दिया जाएगा।
 
कौशिक ने कहा कि हम चारधाम यात्रा शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। हम 8 तारीख के बाद इसे सीमित संख्या में शुरू करेंगे।

उत्तराखंड में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्थित बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर एक-डेढ माह पहले खुल चुके हैं, लेकिन कोरोना संकट के चलते उन्हें अभी श्रद्धालुओं के लिए नहीं खोला गया है। यह पहला अवसर होगा जब महामारी के चलते तीर्थयात्री चारधामों के दर्शन से वंचित हैं।
 
गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट 24 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व पर खोले गए थे जबकि केदारनाथ मंदिर के कपाट 29 अप्रैल को और बदरीनाथ के द्वार 15 मई को खोले गए थे।
 
कौशिक ने कहा कि हम अन्य राज्य सरकारों से बसें चलाने के संबंध में विचार करेंगे और उसके बाद ही वहां के राज्यों के श्रद्धालु और पर्यटक हमारे यहां आ पाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा शुरूआती दौर में सीमित ही होगी। (भाषा)
अगला लेख
George Floyd death : न्यूयॉर्क में विरोध प्रदर्शन के बीच बड़े शोरुम्स और लग्जरी दुकानों में तोड़फोड़ और लूटपाट