गुरुवार, 26 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Uproar over Sambhal CO Kuldeep Singh remarks regarding Iran
Last Updated : शुक्रवार, 13 मार्च 2026 (16:33 IST)

ईरान के नाम पर छाती पीटी तो बढ़िया इलाज कर देंगे, संभल के CO कुलदीप सिंह के बयान पर घमासान, सांसद बर्क ने दिया जवाब

CO Kuldeep Singh
ईरान और अमेरिका के युद्ध के बीच हिंदुस्‍तान में संभल के सीओ के बयान पर भी युद्ध छिड़ गया है। बयान दिया है संभल के सीओ कुलदीप सिंह ने। इतना ही नहीं, उन्‍होंने नमाज को लेकर भी बयान दिया है। उनका बयान सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। इसके बाद राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने उनके बयान का विरोध कर आलोचना की है।
दरअसल, संभल कोतवाली में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में सीओ कुलदीप सिंह ने कहा कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जो युद्ध चल रहा है, इसका असर यहां नहीं दिखना चाहिए। यहां के कुछ लोगों को यदि दिक्कत हो रही है तो उस विमान बैठकर ईरान चले जाएं जो भारतीय लोगों को लेने के लिए जा रहा है। ईरान जाकर लड़ाई लड़ें। लेकिन, शहर में कानून व्यवस्था पर इसका असर पड़ा तो फिर हम बढ़िया वाला इलाज करेंगे। उन्‍होंने कहा कि हम दूसरे की लकडी क्‍यों उठाएं। अगर दो दूसरे देशों के बीच विवाद है तो वे सुलझाएंगे आपस में। अगर जरूरत पड़ी तो सरकार करेगी अपने स्‍तर पर। हम क्‍यों कड़वाहट घोलें, हमारा मीठी सैंवइयां का त्‍योहार है, हम उसमें कड़वाहट क्‍यों घोले, क्‍यों फिजा बिगाड़े। किसी को भी खुराफाती को ऐसा मत करने दीजिए कि हमारे शहर का लॉ एंड ऑर्डर खराब हो।

बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया में यह वायरल हो रहा है। बता दें कि बुधवार को जुमा अलविदा की नमाज को लेकर पीस कमेटी की बैठक हुई थी। इसमें सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और सीओ कुलदीप सिंह मौजूद थे। इसी दौरान उन्‍होंने यह बयान दिया था।

क्‍या कहा कुलदीप सिंह ने : सीओ कुलदीप सिंह ने कहा कि जुमा अलविदा की नमाज सड़कों पर नहीं पढ़ी जाएगी। शासनादेश है, इसका सभी को पालन करना होगा। यदि किसी ने उल्लंघन किया तो मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि शांति के साथ मिल-जुलकर भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं।

सीओ सिंह ने कहा कि किसी भी देश के विरोध में कोई पट्टी, स्लोगन न दिखे और न ही नारा लगना चाहिए। हम हिंदुस्तानी हैं और सुकून से रह रहे हैं। जहां विवाद चल रहा है, वहां के देश जानें। कुछ लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह की रील्स बनाकर वायरल कर रहे हैं। पुलिस की एक टीम निगरानी कर रही है। आपत्तिजनक वीडियो वायरल की गई तो सख्ती से निपटा जाएगा।

बढ़िया वाला इलाज करेंगे : शहर में अमन शांति से जुमा अलविदा की नमाज अदा हो जाएं। इसके लिए पूरी तैयारी है। अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के चलते लोग शहर में कानून व्यवस्था न बिगाड़ें, इसके लिए चेतावनी दी गई है। सभी को सौहार्दपूर्ण माहौल बनाने में सहयोग करना चाहिए। यहां के कुछ लोगों को यदि दिक्कत हो रही है तो उस विमान बैठकर ईरान चले जाएं जो भारतीय लोगों को लेने के लिए जा रहा है। ईरान जाकर लड़ाई लड़ें। लेकिन, शहर में कानून व्यवस्था पर इसका असर पड़ा तो फिर हम बढ़िया वाला इलाज करेंगे।

रील बनाने वालों की रेल बना देंगे : इसी मीटिंग में सीओ कुलदीप ने यह भी कहा कि जो रील बनाने के चक्कर में होगा उसकी हम रेल बना देंगे। हम सब त्योहार मनाने में आपके साथ हैं, लेकिन कोई एक आदमी सभी व्यवस्थाओं को आकर पलीता लगा दे ये हमें बर्दाश्त नहीं है।

सांसद बर्क ने कहा ये शर्मनाक है : संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने इसे लेकर टिप्‍पणी की है। उन्‍होंने कहा कि ईरान के नाम पर छाती पीटी तो बढ़िया इलाज कर देंगे... क्या अब पुलिस-प्रशासन की भाषा यही रह गई है। किसी अधिकारी को धर्म या समुदाय का अपमान करने का अधिकार किसने दिया। पुलिस का काम नागरिकों की सुरक्षा करना है, न कि धमकी देकर डर का माहौल पैदा करना। सांसद बर्क ने यह बात अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर लिखी है।
Edited By: Naveen R Rangiyal
ये भी पढ़ें
क्या ईरान की बिसात पर 'चेकमेट' हो गए हैं डोनाल्ड ट्रंप?