• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. ulgulan nyay mahrally empty chairs on stage for jailed arvind kejriwal hemant soren in india alliance rally in ranchi
Last Updated :रांची , रविवार, 21 अप्रैल 2024 (19:09 IST)

INDIA गठबंधन की महारैली, जेल में बंद अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन के लिए स्टेज पर खाली रखी गई कुर्सी

INDIA गठबंधन की महारैली, जेल में बंद अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन के लिए स्टेज पर खाली रखी गई कुर्सी - ulgulan nyay mahrally empty chairs on stage for jailed arvind kejriwal hemant soren in india alliance rally in ranchi
रांची में ‘इंडिया’  (INDIA) गठबंधन की रैली के दौरान मंच पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए दो कुर्सियां खाली रखी गईं। केजरीवाल और सोरेन अलग-अलग मामलों में जेल में बंद हैं।
 
‘उलगुलान न्याय महारैली’ का आयोजन मुख्य रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने किया है। बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता सोरेन का ‘मास्क’ लगाए नजर आए।
सोरेन को कथित भूमि धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 31 जनवरी की रात को गिरफ्तार किया था। ईडी ने 21 मार्च को केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था।
 
मंच पर झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष सोरेन और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख केजरीवाल के लिए कुर्सियां खाली रखी गईं। रैली के दौरान हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन और अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल मंच पर बैठी थीं। रैली में उपस्थित लोगों ने ‘जेल के ताले टूटेंगे, हेमंत सोरेन छूटेंगे’ जैसे नारे लगाये।
झारखंड की राजधानी रांची का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास होने के बावजूद भीषण गर्मी का सामना करते हुए कार्यकर्ता उलगुलान न्याय महारैली के लिए एकत्र हुए।
कल्पना और सुनीता के अलावा, झामुमो के सुप्रीमो शिबू सोरेन, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुक अब्दुल्ला, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव और अन्य नेता रैली में शामिल हुए।
 
रांची के प्रभात तारा मैदान में आयोजित रैली में कुल 28 राजनीतिक दल हिस्सा ले रहे हैं। रैली के मद्देनजर राजधानी में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। भाषा