Mon, 6 Jul 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. NSG in Republic day parade

गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार एनएसजी का दस्ता

NSG
नई दिल्ली। भारत के 68वें गणतंत्र दिवस समारोह में राजपथ पर भव्य परेड में प्रतिष्ठित आतंकवाद निरोधक बल राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के दस्ते ने पहली बार हिस्सा लिया।
 
परेड के दौरान काली पोशाक पहने और एमपी-5 विशेष असाल्ट राइफल से लैस एनएसजी के 140 जवानों के दस्ते ने राजपथ पर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
 
एनएसजी कमांडो के दस्ते ने जाने-माने गीतकार जावेद अख्तर के लिखे गीत पर मार्च पास्ट किया और वहां उपस्थित लोगों ने कमांडो का तालियां बजाकर अभिनंदन किया।
 
एनएसजी के मार्च पास्ट में अपहरण (हाईजैक) की रोकथाम के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए वाहन और अपहरण रोधी अभियान में उपयोग की जाने वाली दो जिप्सियों का प्रदर्शन किया गया।
 
उल्लेखनीय है कि एनएसजी का गठन 1984 में किया गया था जिसमें भारतीय सेना के साथ विभिन्न अर्धसैनिक बलों के सर्वश्रेष्ठ अधिकारियों और जवानों को लिया जाता है।
 
एनएसजी की स्थापना के बाद से बल को उत्कृष्ट कार्यों के लिए अब तक तीन अशोक चक्र, तीन कीर्ति चक्र, तीन शौर्य चक्र, 40 सेना मेडल, 16 विशिष्ठ सेवा मेडल और कई उत्कृष्ठता सेवा सम्मान प्राप्त हुए हैं। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
सरकार छीन सकती है चीनी पर सब्सिडी