LoC पर भारतीय सेना का 'ऑपरेशन डिग्गी-2', उड़ी सेक्टर में मुठभेड़, सुरक्षा बलों ने ढेर किया पाकिस्तानी घुसपैठिया
सेना ने एलओसी पर उड़ी सेक्टर में पाक सेना द्वारा की गई घुसपैठ की कोशिश को नाकाम बनाते हुए एक आतंकी को ढेर कर दिया। समाचार भिजवाए जाने तक मारे गए आतंकी के अन्य साथियों की तलाश जारी थी।अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामुल्ला जिले के उड़ी सेक्टर में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए एक संयुक्त घुसपैठ-रोधी अभियान के दौरान एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया।
भारतीय सेना की चिनार कोर द्वारा एक्स पर की गई एक पोस्ट में लिखा है - आपरेशन डिग्गी 2, उड़ी: जेकेपी द्वारा घुसपैठ की कोशिश के बारे में दी गई एक विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर, 14-15 मार्च की दरमियानी रात को उड़ी सेक्टर के बुछार इलाके में एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया।
पोस्ट में आगे लिखा है कि सतर्क जवानों ने झाड़ियों में एक आतंकवादी की संदिग्ध हलचल देखी। घात लगाने की जगह को फिर से व्यवस्थित किया गया और आतंकवादी को ललकारा गया, जिसके जवाब में आतंकवादी ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसमें कहा गया है कि मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया। एके राइफल, पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद सहित युद्धक सामग्री बरामद की गई है। अभियान जारी है। Edited by : Sudhir Sharma