Weather Update : उत्तराखंड से हिमाचल तक भारी बारिश से तबाही, IMD ने जारी किया अलर्ट
Weather Update : उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। उत्तराखंड के देहरादून में बादल फटने से भारी तबाही हुई तो हिमाचल के मंडी में भूस्खलन की वजह से एक ही परिवार के 3 लोगों की जान चली गई। IMD ने आज भी कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
उत्तराखंड भारी बारिश से तबाही : उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर रातभर हुई भारी बारिश से सड़कें, मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं तथा मंगलवार तड़के एक पुल बह गया। देहरादून के सहस्रधारा क्षेत्र में सोमवार देर रात बादल फटने से भारी नुकसान। मुख्य बाजार में मलबा आने से कई होटल और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई। तमसा नदी उफान पर है, जिसके कारण टपकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में काफी नुकसान पहुंचा है। 300 से 400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मौसम विभाग ने आज भी राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
ALSO READ: देहरादून में फटे बादल, पानी में डूबा मंदिर, दुकानें और सड़कें बहीं, IMD का अलर्ट
हिमाचल में 3 की मौत : हिमाचल प्रदेश में रातभर हुई भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुईं। मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के नेहरी क्षेत्र के बोई पंचायत में भूस्खलन के बाद एक मकान ढह जाने से बारिश के कारण एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। मंडी जिले के धरमपुर में सोन और भारंद नालों में बाढ़ आ गई, जिससे एक बस स्टैंड में पानी भर गया, एक वर्कशॉप, पंप हाउस, दुकानों और 20 से अधिक बसों को नुकसान पहुंचा।
झारखंड में आज भारी बारिश का अलर्ट : झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। 16 सितंबर की सुबह पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी और 12 अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर बांग्लादेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से राज्य के प्रमुख हिस्सों में बुधवार तक तीन दिन तक व्यापक वर्षा होने की संभावना है। 20 सितंबर से खराब मौसम से राहत मिलने की संभावना है।
मराठवाड़ा में भारी बारिश से हाहाकार : महाराष्ट्र के मराठवाड़ा के 8 में से 5 जिलों में भारी बारिश का कहर। लगातार हुई तेज बारिश की वजह से नदियां उफान पर हैं। कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। मराठवाड़ा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण चार लोगों की मौत हो गई। बीड जिले में 11 फंसे हुए लोगों को भारतीय वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा गया जबकि थलसेना की एक इकाई ने 40 अन्य लोगों को बाहर निकाला।
अरुणाचल को मिलेगी राहत: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार तक बारिश की तीव्रता में और कमी आने की उम्मीद है, हालांकि कुछ इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। गुरुवार से अरुणाचल प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान जताया है, जिससे कई दिनों की भारी बारिश के बाद राहत मिलेगी।
edited by : Nrapendra Gupta