1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. abhijeet dipke to return india june 6 demanding dharmendra pradhan resignation over exam lapses
Last Modified: नई दिल्ली , सोमवार, 1 जून 2026 (18:53 IST)

Cockroach Janta Party के संस्थापक अभिजीत दिपके 6 जून को भारत लौटेंगे, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को आंदोलन का ऐलान

Abhijeet Dipke Cockroach Janta Party
सोशल मीडिया पर तहलका मचाने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janta Party) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोमवार को ऐलान किया कि वे 6 जून को भारत लौटेंगे और परीक्षा संबंधी कथित अनियमितताओं एवं व्यवस्थागत खामियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करेंगे।
दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो संदेश में अपने समर्थकों और छात्रों से दिल्ली में उनके साथ जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी लोग भारतीय संविधान के मार्ग पर चलते हुए एकजुट हों और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्वक अपनी आवाज उठाएं।
दिपके ने अपनी मांग को देश की परीक्षा प्रणाली में बार-बार सामने आई खामियों से जोड़ते हुए कहा कि नीट, सीबीएसई, सीयूईटी और एसएससी जीडी जैसी परीक्षाओं को लेकर कई विवाद सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन परीक्षाओं से जुड़े एक करोड़ से अधिक छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और इसके लिए किसी न किसी को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। 
दिपके ने कहा कि यदि इतनी बड़ी चूकों के बावजूद शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं तो इसका अर्थ है कि देश में जवाबदेही की व्यवस्था कमजोर हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली की गलतियों का खामियाजा केवल छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।  उन्होंने अपने समर्थकों से 6 जून को एयरपोर्ट पर पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि वहां से सभी लोग मिलकर संसद मार्ग थाने जाएंगे और जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह अहिंसक होगा और लोकतांत्रिक तरीकों से छात्रों की चिंताओं को उठाने पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का अधिकार देता है और वह इसी अधिकार का उपयोग करेंगे।
भारत वापसी को लेकर उठ रही आशंकाओं पर दिपके ने कहा कि उनके परिवार, विशेषकर उनके माता-पिता, को चिंता है कि देश लौटने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है या उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। हालांकि उन्होंने कहा कि वे अपने फैसले पर कायम हैं और उम्मीद करते हैं कि प्रशासन लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति देगा। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
Twisha Sharma Death Case में नया मोड़, CCTV में कैद हुई घटना, पुलिस मामले की जांच में जुटी, CBI ने खोले राज