हार्मूज के रास्ते भारत आया एक और जहाज, 80,886 मीट्रिक टन कच्चे तेल से मिलेगी राहत
स्ट्रेट ऑफ हार्मूज के रास्ते भारत का एक और जहाज जग लाडकी मुंद्रा पोर्ट पर पहुंचा। इस जहाज में 80,886 मीट्रिक टन कच्चा तेल है। शिवालिक और नंदा देवी के बाद युद्धकाल में स्ट्रेट ऑफ हार्मूज से गुजरने वाला यह तीसरा जहाज है।
जहाज पर सवार सभी 22 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। टैंकर में करीब 80,886 मीट्रिक टन कच्चा तेल था, जिसे यूएई के फुजैराह बंदरगाह से लोड किया गया था। इससे पहले, एलपीजी टैंकर शिवालिक सोमवार को मुंद्रा बंदरगाह पर पहुंचा था। नंदा देवी मंगलवार को वाडीनार पोर्ट पर पहुंचा था।
जगप्रकाश ने भी स्ट्रेट ऑफ हार्मूज पार किया
इस बीच ओमान से अफ्रीका के लिए पेट्रोल लेकर जा रहा टैंकर जग प्रकाश सफलतापूर्वक होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर तंजानिया की ओर बढ़ रहा है। यह हार्मूज पार करने वाला चौथा भारतीय जहाज है। बताया जा रहा है कि कुल 24 भारतीय ध्वज वाले जहाज होर्मुज क्षेत्र में मौजूद हैं। इनमें 611 नाविक सवार है।
गौरतलब है कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम ऊर्जा मार्गों में से एक माना जाता है। दुनिया भर में तेल और गैस की करीब 20 प्रतिशत आपूर्ति इसी समुद्री रास्ते से गुजरती है।
28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच भीषण युद्ध की वजह से स्ट्रेट ऑफ हार्मूज से तेल सप्ताल बुरी तरह बाधित हुई है। ईरान ने साफ कहा है कि यहां से गुजरने वाले तेल के जहाजों को वह आग लगा देगा। भारत के झंडे वाले कुछ जहाजों को यहां से निकलने की इजाजत दी गई है।
edited by : Nrapendra Gupta