दिल्ली हाईकोर्ट में बम की धमकी से हड़कंप, बंबई हाईकोर्ट को भी मिला धमकी भरा ईमेल
High court bomb threat : दिल्ली हाईकोर्ट में शुक्रवार को ईमेल पर मिली बम की धमकी से हड़कंप मच गया। दिल्ली पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वाड, डॉग स्क्वाड समेत कई सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंची। पूरी इमारत को खाली करा लिया गया और बेंचों को स्थगित कर दिया गया। इस बीच बॉम्बे हाईकोर्ट को भी ईमेल पर बम से उड़ाने की धमकी मिली।
दिल्ली हाईकोर्ट मिले ईमेल में कहा गया है कि पवित्र शुक्रवार विस्फोटो के लिए पाकिस्तान तमिलनाडु की मिलीभगत। जजरूम, कोर्ट परिसर में 3 बम रखे गए हैं। दोपहर 2 बजे तक खाली कर दें।
ईमेल पर मिली धमकी के बाद बॉम स्क्वाड ने भी मौके पर पहुंचकर अपनी जांच शुरू कर दी है। जिस समय कोर्ट परिसर में बम होने की धमकी मिली तब कई वरिष्ठ जज कोर्ट की प्रोसिडिंग शुरू करने वाले थे। ये खबर मिलते ही सुनवाई स्थगित कर दी गई। पुलिस पूरे परिसर की जांच कर रही है।
पुलिस फिलहाल मेल के आईपी एड्रेस की मदद से आरोपी की पहचान करने और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर ये धमकी कहां से आई और इस धमकी के पीछे कौन लोग हैं?
दिल्ली के बाद बॉम्बे हाईकोर्ट के परिसर को भी खाली कराया जा रहा है। मुंबई पुलिस, बम स्क्वाड आदि एजेंसियां कोर्ट परिसर में मौजूद है। परिसर की तलाशी ली जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कई बार दिल्ली एनसीआर समेत देश के अलग-अलग शहरों में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ये धमकियां भी ईमेल पर मिली थी। हालांकि इन स्कूलों की जांच की गई तो कहीं से कुछ नहीं मिला।
edited by : Nrapendra Gupta