बिहार कांग्रेस ने जारी किया मोदी और उनकी मां का AI वीडियो, मचा बवाल
Modi and his Mother AI Video controversy : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां पर बिहार में सियासत गरमाई हुई है। गालीकांड पर मचे बवाल के बाद बिहार कांग्रेस ने मोदी और उनकी मां पर एक एआई वीडियो भी जारी किया। इसके साथ की गई पोस्ट में कहा गया है कि साहब के सपने में आई मां। देखिए रोचक संवाद। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और इस पर बवाल मच गया।
कांग्रेस की ओर से शेयर किए गए इस वीडियो पर भाजपा नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताई। भाजपा ने पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां को निशाना बनाने के कांग्रेस के नए प्रयास की जमकर आलोचना की है। पार्टी ने कांग्रेस पर सारी हदें पार कर जाने का भी आरोप लगाया।
भाजपा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता जी को कांग्रेस-RJD के मंच से गालियां दी गई। अब उनकी मां का वीडियो बनाकर अपमान किया जा रहा है। कुछ तो शर्म करो कांग्रेस वालों, और कितना नीचे गिरोगे?
पहले प्रधानमंत्री श्री @narendramodi की स्वर्गीय माता जी को कांग्रेस-RJD के मंच से गालियां दी गई।
— BJP (@BJP4India) September 12, 2025
अब उनकी मां का वीडियो बनाकर अपमान किया जा रहा है।
कुछ तो शर्म करो कांग्रेस वालों, और कितना नीचे गिरोगे? https://t.co/0HenyrmE6H
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां का अपमान कर रही है। यह अब गांधी की कांग्रेस नहीं रही। यह गालियों की कांग्रेस बन गई है। वे प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां के साथ-साथ देश की महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। पूरा बिहार और देश कांग्रेस के इस ओछे आचरण से आक्रोशित है। कांग्रेस को इसका जवाब मिलेगा।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की मां का अपमान जारी रखे हुए हैं। बिहार की जनता बिहार की माताओं और बहनों का नजाक उड़ाने वाली राजद और कांग्रेस को करारा जवाब देगी! उन्होंने कहा कि यह न केवल असंवेदनशील है, बल्कि यह देखना घिनौना भी है कि एक पार्टी भारत के गरीबों से इतनी नफरत करती है! कांग्रेस महिला विरोधी है और देश के गरीबों से नफरत करती है।
edited by : Nrapendra Gupta

