• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Actor Kamal Haasan has a conflict with Karnataka over language, will go to Rajya Sabha from Tamil Nadu
Last Updated : बुधवार, 4 जून 2025 (14:12 IST)

अभिनेता कमल हासन का भाषा को लेकर कर्नाटक से पंगा, तमिलनाडु से जाएंगे राज्यसभा

फिल्म, राजनीति से लेकर कन्नड़ भाषा विवाद तक अभिनेता कमल हासन, कर्नाटक में रिलीज नहीं होगी 'ठग लाइफ'

Kamal Hasan
Kamal Haasan film Thug Life: प्रसिद्ध अभिनेता, निर्माता, राजनीतिज्ञ कमल हासन इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘ठग लाइफ’ को लेकर चर्चा में हैं। इसके साथ ही वे कन्नड़ भाषा को लेकर उनके द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर भी विवाद में हैं। संभवत: दक्षिण भारत में यह भाषा से जुड़ा पहला विवाद है, जिसके मूल में एक दक्षिण भारतीय व्यक्ति ही है। आमतौर पर दक्षिण में हिन्दी का विरोध ही होता आया है।

तमिलनाडु में सत्तारूढ़ पार्टी डीएमके की तरफ से हासन अब राज्यसभा जाएंगे। इसके साथ ही यह भी तय हो गया है कि आगामी ‍तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी एमएनएम डीएमके साथ मिलकर चुनाव लड़ सकती है। हासन ने 1960 में बाल कलाकार के रूप में फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। मीडिया रिपोर्ट्‍स के मुताबिक कमल की कुल संपत्ति लगभग 450 करोड़ रुपए है। 
 
'ठग लाइफ' और कन्नड़ भाषा विवाद : हाल ही में, कमल हासन अपनी आगामी फिल्म 'ठग लाइफ' को लेकर एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। यह विवाद उनके एक बयान से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि 'कन्नड़ भाषा का जन्म तमिल भाषा से हुआ है'।

इस टिप्पणी ने कर्नाटक में कन्नड़ संगठनों और आम जनता के बीच भारी विरोध को जन्म दिया। कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (KFCC) ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने का फैसला किया है और कर्नाटक हाई कोर्ट ने भी कमल हासन को इस मामले में फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि आप कमल हासन होंगे, लेकिन आपको किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है। हालांकि, कमल हासन ने माफी मांगने से इनकार कर दिया है और कहा है कि वह फिलहाल कर्नाटक में फिल्म को रिलीज नहीं करेंगे। 
 
कमल हासन से जुड़े अन्य विवाद : 
  • 2013 में आई उनकी फिल्म 'विश्वरूपम' को लेकर मुस्लिम संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किए थे, उनका आरोप था कि फिल्म में समुदाय को गलत तरीके से दिखाया गया है। बाद में कुछ दृश्यों में बदलाव के बाद ही यह सिनेमाघरों तक पहुंच पाई थी।
  • फिल्म दशावतारम (2008) भी विवाद का कारण बनी थी। कुछ हिंदू संगठनों ने फिल्म के कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताई थी।
  • उत्तम विलेन (2015) भी विवाद के चलते देर से रिलीज हुई थी। 
2018 में राजनीतिक दल बनाया : दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने 'मक्कल निधि मय्यम' (MNM) नामक अपनी पार्टी बनाकर राजनीति में भी हाथ आजमाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें खास सफलता नहीं मिली। कमल हासन ने अपनी पार्टी 2018 में लॉन्च की, जिसका मुख्य उद्देश्य तमिलनाडु की राजनीति में एक स्वच्छ और पारदर्शी विकल्प प्रदान करना था। उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त शासन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा में सुधार और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों को अपनी राजनीति का केंद्र बनाया। 
 
कमल हासन को अभी तक कोई बड़ी चुनावी सफलता नहीं मिली है। 2019 के लोकसभा चुनावों और 2021 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी ने कुछ सीटों पर अच्छा प्रदर्शन तो किया, लेकिन वे जीत हासिल नहीं कर पाए। इसके बावजूद, कमल हासन ने हार नहीं मानी है। वे लगातार जनता के बीच अपने विचार रखते रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहते हैं। वे भावनात्मक नारों या व्यक्तिगत हमलों के बजाय ठोस मुद्दों पर बहस करना पसंद करते हैं। हालांकि डीएमके प्रस्ताव स्वीकार करने से अब उनकी राजनीति की दिशा में तय होती दिखाई दे रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में हासन सत्तारूढ़ डीएमके के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ सकते हैं। 
 
‍फिल्मी करियर : कमल हासन भारतीय सिनेमा के एक ऐसे बहुआयामी कलाकार हैं जिन्होंने अभिनय, निर्देशन, पटकथा लेखन, गायन और नृत्य जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अद्वितीय योगदान दिया है। उनका जन्म 7 नवम्बर 1954 को तमिलनाडु के परमकुडी में हुआ था। उनके पिता डी. श्रीनिवासन एक स्वतंत्रता सेनानी और वकील थे। कमल हासन की पहली फिल्म कलाथुर कन्नम्मा (1960) थी, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रपति का स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ। इसके बाद उन्होंने कई तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में काम किया।

उनकी अभिनय क्षमता, विविधता और समर्पण ने उन्हें भारतीय सिनेमा के महानतम अभिनेताओं में स्थान दिलाया। उनकी प्रमुख फिल्मों में नायकन, सदमा, हे राम, दशावतारम, विश्वरूपम, इंडियन आदि शामिल हैं। कमल हासन को कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, फिल्मफेयर पुरस्कार, पद्मश्री (1990) और पद्म भूषण (2014) से सम्मानित किया गया है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
 
ये भी पढ़ें
संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 12 अगस्त तक, Operation sindoor पर चर्चा होने की उम्मीद