• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. 4 members of the same family rescued safely from the debris in Wayanad
Last Updated : शुक्रवार, 2 अगस्त 2024 (16:42 IST)

वायनाड में चौथे दिन रेस्क्यू टीम ने जीती जिंदगी की जंग, मलबे से सुरक्षित निकले एक ही परिवार के 4 सदस्य

wayanad landslide
वायनाड (केरल)। वायनाड जिले के मुंडक्कई क्षेत्र में विनाशकारी भूस्खलन के 3 दिन बाद बचाव कर्मियों ने शुक्रवार को एक ही परिवार के 4 लोगों को पदवेट्टी कुन्नू के पास एक इलाके में सुरक्षित पाया। मुंडक्कई क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाश और बचाव अभियान जारी है। यह इलाका मंगलवार को बड़े पैमाने पर भूस्खलन से प्रभावित हुआ था।
 
बचाव कर्मियों ने शुक्रवार को पाया कि परिवार भूस्खलन के बाद अलग-थलग पड़ गया था, क्योंकि उनका घर क्षेत्र के बाकी हिस्सों से कट गया था। इस परिवार में 2 पुरुष और 2 महिलाएं हैं। सेना के एक जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि परिवार को हवाई मार्ग से निकाला जाएगा। सूत्रों ने कहा कि फंसे हुए इस परिवार के रिश्तेदारों की सूचना पर बचाव दल इलाके में पहुंचा था।

 
राहुल गांधी बोले, वायनाड में भूस्खलन एक भयानक त्रासदी : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केरल के वायनाड जिले में हुए भूस्खलन को शुक्रवार को एक क्षेत्र में हुई इतनी बड़ी भयानक त्रासदी बताया, जो राज्य ने अब तक नहीं देखी थी। उन्होंने कहा कि इस घटना को अलग तरह से लिया जाना चाहिए।
 
कांग्रेस नेता गांधी ने कहा कि वह इस मामले को दिल्ली में और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के समक्ष भी उठाएंगे, क्योंकि यह एक अलग स्तर की त्रासदी है और इसको लेकर अलग तरह से कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने यह वादा भी किया कि कांग्रेस पार्टी वायनाड में 100 से अधिक मकान बनाएगी।
 
गांधी जिला प्रशासन और पंचायत के अधिकारियों, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। अधिकारियों ने उन्हें भूस्खलन की घटनाओं में हुई मौतों एवं नष्ट हुए मकानों और लोगों की तलाश एवं बचाव के लिए उनकी रणनीतियों के बारे में जानकारी दी।
 
राहुल गांधी एक दिन पहले वायनाड पहुंचे थे और भूस्खलन से हुई तबाही का जायजा लिया था। उन्होंने इसे एक राष्ट्रीय आपदा बताया और इससे निपटने के लिए तत्काल व्यापक कार्य योजना बनाए जाने की मांग की।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
Weather Update : राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट