1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. BJP issues notice to MLA Pritam Lodhi for threatening IPS officer
Last Updated : बुधवार, 22 अप्रैल 2026 (19:28 IST)

IPS अफसर को धमकाने वाले विधायक प्रीतम लोधी को BJP ने थमाया नोटिस, 3 दिन के अंदर मांगा जवाब, नहीं तो कार्रवाई की चेतावनी

BJP issues notice to MLA Pritam Lodhi for threatening IPS officer
भोपाल। भाजपा विधायक प्रीतम लोधी को भाजपा ने नोटिस थमा दिया है। करैरा SDOP को धमकी देने और बेटे के थार से सरेराह पांच लोगों को रौंदने को पार्टी ने अनुशान का उल्लंघन माना है और पूरी घटना पर 3 दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने की मांग करते हुए कार्यवाही की मांग की है। पार्टी ने अपने नोटिस में लिखा है कि विगन दिनों आपके द्वारा जो आचरण किया गया, वह अत्यंत आपत्तिजनक है। आपके द्वारा किया गया आचरण पार्टी अनुशासन के अनुरूप नहीं है। अत: 3 दिन के अंदर अपना स्पष्टीकरण दें, अन्यथा आपके विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी।  

भाजपा विधायक की SDOPको धमकी- शिवपुरी जिले के करैरा में विगत दिनों  सरेराह पांच लोगों को सड़क पर रौंदने वाले अपने बेटे के बचाव में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ को सीधी धमकी दी थी। भाजपा विधायक ने अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा था कि  क्या करेरा तुम्हारे डैडी का है। मेरा बेटा करेरा आएगा चुनाव भी लड़ेगा तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना। हमारा इतिहास भी देख लेना अपनी औकात में रहो अपने दायरे में रहो।

इसके साथ ही भाजपा विधायक प्रीतम लोधी कहते हैं कि एसडीओपी करैरा ने जो बात कही,वो मेरे गले नहीं उतर रही। वो कहता है यहां दिख मत जाना। मैं एसडीओपी से कहना चाहता हूं, क्या तेरे डैडी की है करैरा। वैसे तो मैं कहता नहीं हूं, लेकिन अब मैं कहना चाहता हूं, वो आएगा भी करेरा और चुनाव भी लड़ेगा। तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि  मैं कहना चाहता हूं एसडीओपी महोदय से हमारा इतिहास भी देख लेना. अगर ये हमारे खिलाफ गलत इल्जाम,गलत दबाव, गलत तरीके से पड़ताल करोगे तो हम सहन नहीं करेंगे।इसका जवाब भी देंगे। मैं ऐसे अधिकारी को कहना चाहता हूं,अपनी औकात में रहो अपने दायरे में रहो, अगर झूठे आरोप लगाए, दबाव बनाया या पक्षपात किया, तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे और करारा जवाब देंगे. विधायक ने इस पूरे मामले को कांग्रेस की तरह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया बताया, जबकि हकीकत कुछ और कहानी कहती है।

क्या है पूरा मामला?- शिवपुरी जिले के करैरा में गत 16 अप्रैल की सुबह करीब 7:30 बजे भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के  बेटे दिनेश लोधी ने अपनी थार गाड़ी से बाइक से जा रहे संजय परिहार,आशीष और अंशुल को टक्कर मार दी थी। इतना ही नहीं सत्ता के नशे में चूरे विधायक के  बेटे ने सड़क पर पैदल जा रही  सीता वर्मा और पूजा सोनी को रौंद डाला था। इस हादसे में पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सत्ता के नशे में  चूरे विधायक के बेटे से जब पुलिस ने हादसे का कारण पूछा तो उसने कहा का हॉर्न बजाया, सायरन दिया, लोग नहीं हटे तो गाड़ी आगे बढ़ा दी।

हादसे के बाद भाजपा विधायक ने पहले तो सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर कहा कि  एक विधायक के लिए उसका बेटा या परिवार नहीं, जनता सर्वोपरि होती है। करेरा में पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। वहीं अब जब पुलिस ने अपनी कार्रवाई आगे बढ़ाई  तो भाजपा विधायक ने उलटे पुलिसकर्मियों को ही धमकी दे डाली।
लेखक के बारे में
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल,  धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।.... और पढ़ें