करैरा SDOP को धमकाने वाले BJP विधायक प्रीतम लोधी के विरोध में उतरा IPS एसोसिएशन, सख्त कार्रवाई की मांग
भोपाल। भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के करैरा SDOP डॉ. आयुष जाखड़ को धमकाने और अभद्र टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ लिया है। मध्यप्रदेश IPA एसोसिएशन ने भाजपा विधायक के बयान की निंदा करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। IPS एसोसिशन ने पूरी घटना की निंदा करते हुए प्रेस नोट जारी किया है।
IPS एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर की ओर से जारी बयान मे कहा गया है कि पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ (भापुसे) के संबंध में मीडिया में वायरल वीडियो में जिस प्रकार की अभद्र, अमर्यादित एवं धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया गया है, वह अत्यंत निंदनीय एवं सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत है।उक्त वीडियो में डॉ. आयुष जाखड़ नव नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं उनके परिवार के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणियाँ तथा दी गई धमकियाँ पूर्णतः अमर्यादित एवं अशोभनीय हैं। यह आचरण एक जनप्रतिनिधि के पद की मर्यादा के विपरीत है तथा इससे प्रशासनिक तंत्र एवं समस्त अधिकारियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
पत्र में आगे लिखा है कि जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने आचरण एवं भाषा को संयमित और मर्यादित रखें। इस प्रकार की अमर्यादित भाषा एवं धमकीपूर्ण व्यवहार किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है और यह प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता को आहत करता है। मध्य प्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करता है एवं उचित कार्यवाही की मांग करता है।
भाजपा विधायक की SDOP को धमकी- शिवपुरी जिले के करैरा में विगत दिनों सरेराह पांच लोगों को सड़क पर रौंदने वाले अपने बेटे के बचाव में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ को सीधी धमकी दी थी। भाजपा विधायक ने अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा था कि क्या करेरा तुम्हारे डैडी का है। मेरा बेटा करेरा आएगा चुनाव भी लड़ेगा तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना। हमारा इतिहास भी देख लेना अपनी औकात में रहो अपने दायरे में रहो।
इसके साथ ही भाजपा विधायक प्रीतम लोधी कहते हैं कि एसडीओपी करैरा ने जो बात कही,वो मेरे गले नहीं उतर रही। वो कहता है यहां दिख मत जाना। मैं एसडीओपी से कहना चाहता हूं, क्या तेरे डैडी की है करैरा। वैसे तो मैं कहता नहीं हूं, लेकिन अब मैं कहना चाहता हूं, वो आएगा भी करेरा और चुनाव भी लड़ेगा। तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि मैं कहना चाहता हूं एसडीओपी महोदय से हमारा इतिहास भी देख लेना. अगर ये हमारे खिलाफ गलत इल्जाम,गलत दबाव, गलत तरीके से पड़ताल करोगे तो हम सहन नहीं करेंगे।इसका जवाब भी देंगे। मैं ऐसे अधिकारी को कहना चाहता हूं,अपनी औकात में रहो अपने दायरे में रहो, अगर झूठे आरोप लगाए, दबाव बनाया या पक्षपात किया, तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे और करारा जवाब देंगे. विधायक ने इस पूरे मामले को कांग्रेस की तरह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया बताया, जबकि हकीकत कुछ और कहानी कहती है।
क्या है पूरा मामला?- शिवपुरी जिले के करैरा में गत 16 अप्रैल की सुबह करीब 7:30 बजे भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने अपनी थार गाड़ी से बाइक से जा रहे संजय परिहार,आशीष और अंशुल को टक्कर मार दी थी। इतना ही नहीं सत्ता के नशे में चूरे विधायक के बेटे ने सड़क पर पैदल जा रही सीता वर्मा और पूजा सोनी को रौंद डाला था। इस हादसे में पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सत्ता के नशे में चूरे विधायक के बेटे से जब पुलिस ने हादसे का कारण पूछा तो उसने कहा का हॉर्न बजाया, सायरन दिया, लोग नहीं हटे तो गाड़ी आगे बढ़ा दी।
हादसे के बाद भाजपा विधायक ने पहले तो सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर कहा कि एक विधायक के लिए उसका बेटा या परिवार नहीं, जनता सर्वोपरि होती है। करैरा में पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। वहीं अब जब पुलिस ने अपनी कार्रवाई आगे बढ़ाई तो भाजपा विधायक ने उलटे पुलिसकर्मियों को ही धमकी दे डाली।
लेखक के बारे में
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल, धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।....
और पढ़ें