1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. रोमांस
  4. »
  5. प्रेम गुरु
  6. ढूँढ़ें नई राह के साथ हमराह
Written By WD

ढूँढ़ें नई राह के साथ हमराह

लव-मंत्र

रोमांस इश्क प्रेम प्यार लव मोहब्बत
ND
ND
हेलो दोस्तो! किताबों, फिल्मों और टेलीविजन आदि में हम आए दिन अनेक प्रकार के प्रेकिस्से पढ़ते, सुनते और देखतरहतहैंभले ही हमने प्यार किया हो या न किया हो, हमारे दिल को उन किरदारों की सच्चाई पर यकीन होता है। उनकी भावनाओं की वेदना और खुशी हमें अपनी-सी महसूस होती है। शायद इसलिए कि हमने प्रेम को अन्य रूपों में ही सही पर महसूस किया होता है। हमने भी दुख में छलके आँसू और खुशी में आई कोमलता को करीब से देखा होता है। इसी नाजुक अहसास को हम वयस्क होने पर तलाशते रहते हैं जिसके सहारे हम पूरा जीवन बिता सकें।

जीवन में बहुत लोगों से हम मिलते हैं पर हमारी तलाश जारी रहती है। जब कोई ऐसा पात्र हमारी जिंदगी में आता है तो शायद हम शुरू में उसे उस रूप में देख भी नहीं पाते हैं पर समय बीतने के साथ-साथ दोस्ती ही हमें कई बार प्रेम का अहसास कराने लगती है। जो लोग प्रेम के रिश्ते को गंभीरता से लेते हैं वे प्रेम प्रस्ताव रखने के पहले हजार बार दिल को टटोलते हैं और फिर अपने प्यार का इजहार करते हैं पर यदि उनके प्रेम का प्रस्ताव ठुकरा दिया जाता है तो उन्हें बेहद सदमा पहुँचता है। एक तो उनका दिल टूट चुका होता है, दूसरा दोस्ती के रिश्ते पर भी सीमा रेखा खिंच जाती है।

इसमें कोई संदेह नहीं कि दोस्ती की सहजता पहले की तरह बरकरार नहीं रह पाती है और दोनों ही अपने-अपने व्यवहार को लेकर अति सतर्क हो जाते हैं जिससे उस रिश्ते की बुनियादी बुनावट और आधार टूटने लगती है और अंततः दोनों दूर हो जाते हैं। ऐसे टूटन में सबसे बड़ी तकलीफ झेलनी पड़ती है उसे जिसका प्रस्ताव ठुकराया गया है। उसके सामने एक विकट समस्या आती है, अपने प्रेम को दिल से निकालने और भुलाने की। वे यादें जो उसका पीछा नहीं छोड़तीं, जो उसे चैन से जीने नहीं देतीं उससे वह कैसे पीछा छुड़ाए?

ऐसी ही तकलीफ से गुजर रहे हैं दीपक जो दिल ही दिल में अपनी एक दोस्त को प्यार करते थे। एक प्यारी-सी दोस्त, जो दीपक के साथ हर छोटी-बड़ी बातें बांटती थीं। उसकी सुख-दुख का फिक्र करती थी। अच्छे-बुरे पर विचार कर उसकी भलाई की सलाह देती थी। जो खुशमिजाज थी और दीपक को खुश रखने का जतन करती थी पर यह सारा कुछ वह एक दोस्त के नाते करती थी।

अपने दोस्त के लिए ऐसा कुछ करना वह अपना फर्ज समझती थी पर दीपक के लिए यह सब कुछ दोस्ती से अलग प्रेम का अहसास कराने लगी। वे दिल ही दिल अपनी अच्छी-सी दोस्त को प्यार करने लगे। उसे वह और भी अच्छी लगने लगी और वह ज्यादा अपनापन जताने लगे। उनकी दोस्त ने उनके अच्छे व्यवहार का जवाब एक अच्छी दोस्त की तरह दिया पर जब दीपक ने अपना प्रेम प्रस्ताव उसके सामने रखा तो उसने उसे बिना झिझक अस्वीकार कर दिया। दीपक के प्रति उसकी क्या भावना है इसे लेकर उसका दिमाग बिलकुल साफ था। उसे न तो अपने अहसासात को जाँचने-परखने की जरूरत थी और न ही उस प्रस्ताव पर किसी भी दृष्टिकोण से विचार करने की लेकिन दीपक पर इस इनकार का प्रभाव बहुत भारी पड़ा है। वह अपनी दोस्त को भूलना चाहते हैं पर भूल नहीं पा रहे हैं।

दीपक जी, कभी-कभी अपनी सुविधा के लिए भाग्य पर भी विश्वास कर लेना चाहिए। किस्मत को अच्छे या बुरे के लिए जिम्मेदार ठहराकर हम बहुत सारी परिस्थितियों में संतोष महसूस कर सकते हैं। कई बार परीक्षा के लिए किसी ने दिलोजान से तैयारी की हो पर ऐन वक्त पर उसकी तबीयत खराब हो जाए या उसके घर में ऐसी कोई अप्रिय घटना घट जाए तो उसकी परीक्षा का परिणाम खराब हो सकता है पर इसमें उस छात्र की कोई गलती नहीं होती। हाँ, दुनिया उसके कम अंक या दर्जे को देखकर उसे कमतर आंक सकती है पर ऐसा किए जाने से वह कम अकलमंद या गैर-जिम्मेदार तो नहीं हो जाएगा।

हाँ, उसे दुख होगा और उसके लिए भी कम अंक को स्वीकार कर पाना कठिन होगा। आपके लिए भी इस इनकार को स्वीकार करना बहुत कष्टदायक है क्योंकि आपने भी इस रिश्ते के लिए अपना जी जलाया है। निःस्वार्थ ढंग से, सच्चे मन से आपने प्रेम किया वरना आपको इतनी तकलीफ नहीं होती। आप अपने आप पर फख्र करें कि आप रिश्ते में सच्चे थे।

दीपक जी, कई बार ऐसा होता है कि रिश्ते और प्रेम के बारे में सबकी प्राथमिकताएँ अलग-अलग होती हैं। अब दूसरे के दिल में हम जबरन प्रेम तो नहीं भर सकते न! जिसने आपसे प्रेम ही नहीं किया उसे क्या याद करना! हाँ, यदि आपकी दोस्त ने भी आपके प्रेम को स्वीकार कर बेहद प्रेम दिखाया हो और किसी कारणवश आपको बिछुड़ना पड़ा हो, तब तो नहीं भूलने वाली बात समझ में आती है पर ऐसे मामले में आप किसे याद कर रहे हैं जिसने आपसे प्रेम किया ही नहीं। आप नई दोस्त बनाएँ। केवल दोस्त। फिल्में देखें। ज्यादातर समय दोस्तों के बीच बिताएँ। अपने करिअर से प्यार करें। यदि नौकरी कर रहे हैं तो किसी अच्छी-सी लड़की से शादी कर लें।

स्थायी रिश्तों से भी बेहद खुशी और संतोष मिलता है यदि उसे ईमानदारी से निभाया जाए। उस प्यार के अहसास को दिल के एक कोने में रहने दें। वह अहसास जीवन का एक तोहफा है।

लव मंत्र में आप किस तरह का मंत्र चाहते हैं, हमें लिख भेजिए। हमारा ईमेल आईडी है :

[email protected]
लेखक के बारे में
WD