Last Modified: नई दिल्ली ,
मंगलवार, 21 अप्रैल 2009 (16:30 IST)
नया मुस्लिम दाँव
-विनोद अग्निहोत्री कांग्रेस को रोकने के लिए भाजपा और सपा ने नया मुस्लिम दाँव चला है। अपने लिए मुस्लिम वोटों से निराश भाजपा ने उत्तरप्रदेश की करीब दो दर्जन मुस्लिम बहुल सीटों पर ऐसे मुस्लिम उम्मीदवारों को मदद इमदाद भेजी है जो मुस्लिम वोटों में सेंध लगाकर कांग्रेस का खेल बिगाड़ सकें। वहीं कांग्रेस और बसपा की ओर खिसक रहे मुसलमानों को उनकी ओर जाने से रोकने के लिए सपा भी भाजपा की इस मुहिम में मददगार हो गई है।
मुस्लिम वोटों की इस सेंधमारी में भाजपा की मुहिम को अंजाम देने में लालकृष्ण आडवाणी के विश्वस्त सलाहकार सुधींद्र कुलकर्णी और दिल्ली के 'इस्लामिक कल्चरल सेंटर'(आईसीसी) के अध्यक्ष सिराजुद्दीन कुरैशी पर्दे के पीछे सक्रिय हैं।
कांग्रेस को रोकने के प्रयास : भाजपा की यह कोशिश उत्तरप्रदेश में सबसे ज्यादा केंद्रित है। क्योंकि पार्टी रणनीतिकारों का आकलन है कि अगर उत्तरप्रदेश में मुस्लिम वोटों में बँटवारा करवा दिया जाए तो न सिर्फ कांग्रेस की बढ़त रुकेगी बल्कि भाजपा की सीटें भी बढ़ेंगी।
मतदान से पहले दिल्ली में आडवाणी के घर पर एक बैठक हुई। इसमें आडवाणी, कुलकर्णी, कुरैशी और मुसलमानों को उनका हक दिलाने के नाम पर बनी 'पीस पार्टी' के सदर डॉ. अयूब, डॉ. मन्नान और एएच खान आदि मुस्लिम नेता शामिल थे।
बैठक में तय हुआ कि उत्तरप्रदेश के बचे चरणों के मतदान में पीस पार्टी के नेता राज्य की मुस्लिम बहुल करीब 20 सीटों पर लड़ रहे अपने उम्मीदवारों और दस अन्य सीटों पर दूसरे ऐसे मजबूत मुस्लिम उम्मीदवारों की मदद करें। ये मुसलमानों को कांग्रेस की ओर जाने से रोक सकेंगे। कुछ सीटों पर पहले चरण में मतदान हो चुका है।
सूत्रों के मुताबिक इन मुस्लिम नेताओं को चुनाव प्रचार में आने-जाने के लिए भाजपा के चुनावी बेड़े से हेलिकॉप्टर सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उम्मीदवारों का प्रचार खर्च उठाने के लिए उन्हें अच्छी खासी रकम भी दी गई। यह रकम मुंबई के एक होटल में भाजपा के एक स्वर्गीय नेता के करीबी उद्योगपति के जरिए मुहैया करवाई गई है।
सपा की कवायद भी तेज : दूसरी तरफ मुलायम और अमरसिंह ने भी अपनी कवायद तेज कर दी है। आजम खाँ के धुर विरोधी दिल्ली की शाही जामा मस्जिद के इमाम सैयद अहमद बुखारी से मुलायम के करीबियों ने संपर्क किया है।
मुलायम-अमर के बुलावे पर बुखारी के खास कुछ मुस्लिम नेता लखनऊ जा रहे हैं जहाँ एक पाँच सितारा होटल में उनकी बैठक होगी। बैठक में अगले चरणों में मुस्लिम वोटों का रुख सपा की ओर करने पर बात होगी।