1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Shubhman Gill return in the shortes format may be mared by GT partner
Written By WD Sports Desk
Last Modified: शनिवार, 16 अगस्त 2025 (18:00 IST)

Asia Cup 2025 में क्या में होगी शुभमन गिल की वापसी? GT का साथी बन रहा रोड़ा

Asia Cup 2025
Asia Cup 2025  भारतीय टीम के लिए काफी अहम रहने वाला है। यह टूर्नामेंट टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के साथ ही चयन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में हम भारत की पारी की शुरुआत करने के प्रबल दावेदारों पर एक नजर डालते हैं।

अभिषेक शर्मा

जुलाई 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अभिषेक ने शून्य से अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी लेकिन जल्द ही उन्होंने शिखर तक का सफर तय कर लिया और वह आगामी टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए पारी की शुरुआत करने के प्रबल दावेदार हैं। अभिषेक अक्टूबर 2024 से टी20 में भारतीय टीम का नियमित हिस्सा हैं और अब तक खेले कुल 17 मैचों में 135 के स्ट्राइक रेट और दो शतकों की बदौलत 535 रन बना चुके हैं। अभिषेक ने एक शतक जिम्बाब्वे और एक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया था।

अभिषेक को आईपीएल 2024 में उनके धमाकेदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टी20 टीम में जगह मिली थी। हालांकि आईपीएल 2025 में अभिषेक ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के लिए 13 पारियों में 193.39 की धुआंधार स्ट्राइक रेट से 439 रन बनाए। इसमें पंजाब किंग्स के खिलाफ उनकी 141 रनों की पारी भी शामिल है। आगामी एशिया कप अभिषेक का पहला मल्टी नेशन टूर्नामेंट होगा, ऐसे में आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी जगह सुनिश्चित करने का उनके पास सुनहरा मौका होगा।

संजू सैमसन

सैमसन पिछले कुछ समय से भारत के टी20 दल का नियमित हिस्सा रहे हैं। उन्होंने पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ एक और दक्षिण अफ्रीका में दो शतक जड़े थे। सैमसन ने इस अवधि में अपने टी20 रिकॉर्ड को सुधारा और अब 42 पारियों में सैमसन के नाम 25.32 की औसत से 861 रन हैं।

हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में सैमसन कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे और पांच पारियों में उनके बल्ले से महज कुल 51 रन ही निकले थे। आईपीएल में सैमसन चोट से परेशान थे जिसके चलते वह नौ मैच ही खेल पाए। इस दौरान सैमसन ने 35.62 की औसत और 140.39 के स्ट्राइक रेट से कुल 285 रन बनाए। अब देखना है कि भारत अभिषेक और सैमसन की सलामी जोड़ी के साथ ही आगे बढ़ने का फ़ैसला करता है या नहीं।

यशस्वी जायसवाल

जायसवाल को भारत के लिए टी20 खेले एक वर्ष से अधिक बीच चुके हैं लेकिन टेस्ट प्रारूप में उन्होंने अपनी जमकर छाप छोड़ी है। जायसवाल ने भारत के लिए अंतिम टी20 जुलाई 2024 में श्रीलंका में खेला था। हालांकि इसके बाद जायसवाल ने भारत के लिए केवल टेस्ट प्रारूप ही खेला है। जायसवाल ने अब तक टी20 करियर में कुल 23 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 36.15 की औसत से 723 रन बनाए हैं।

जायसवाल पिछले टी20 वर्ल्ड कप में भी भारत का हिस्सा थे लेकिन रोहित शर्मा के साथ विराट कोहली के भारत की पारी का आगाज करने के चलते उन्हें एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला। अभिषेक की तरह ही बाएं हाथ के बल्लेबाज जायसवाल अपनी आक्रामक शैली के लिए जाने जाते हैं ऐसे में आगामी टी20 वर्ल्ड कप की दावेदारी से उन्हें दरकिनार नहीं किया जा सकता। आईपीएल 2025 में भी जायसवाल सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में सातवें स्थान पर थे। उन्होंने 14 पारियों में छह अर्धशतक और 159.71 के स्ट्राइक रेट के साथ 559 रन बनाए थे।

शुभमन गिल

जायसवाल की तरह ही भारतीय टेस्ट कप्तान गिल ने अंतिम बार टी20 जुलाई 2024 में ही खेला था। हालांकि गिल ने टी20 वर्ल्ड कप के ठीक बाद जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय टीम की अगुवाई भी की थी। भारतीय टेस्ट कप्तान के रूप में भी गिल ने अपनी पहली सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन किया और वह प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बने।

आईपीएल 2025 में गिल ने गुजरात टाइटंस को तीसरी बार प्लेऑफ में पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की थी। गिल ने 15 पारियों में 50 की औसत, 155.87 के स्ट्राइक रेट के साथ 650 रन बनाए थे। गिल सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर भी थे। गिल ने अब तक 21 टी20 खेले हैं जिसमें उन्होंने 30.42 की औसत से 578 रन बनाए हैं और उनके नाम एक शतक भी है। ऐसे में देखना होगा कि गिल क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में वापसी करते हैं या नहीं।

साई सुदर्शन

गिल के साथ मिलकर साई सुदर्शन ने जीटी को आईपीएल 2025 में प्लेऑफ तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी और साई सुदर्शन ही सीजन के ऑरेंज कैप विजेता रहे थे। उन्होंने 15 पारियों में 54.21 की औसत, 156.17 के स्ट्राइक रेट के साथ 759 रन बनाए थे जिसमें छह अर्धशतक और एक शतक शामिल था।
साई सुदर्शन का यह प्रदर्शन इंग्लैंड दौरे के लिए उनके चयन की बड़ी वजह बना था। लेकिन क्या भारत उन्हें छोटे प्रारूप की अपनी योजना का हिस्सा बनाएगा?