1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Rishabh Pant reaps ranking surge courtesy to his aggressive approach

INDvsNZ टेस्ट सीरीज के बाद सिर्फ ऋषभ पंत को हुआ रैंकिंग में फायदा

ऋषभ पंत आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में पांच पायदान के उछाल से छठे स्थान पर

Rishabh Pant
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पिछले हफ्ते मुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में प्रदर्शन के बूते बुधवार को ताजा जारी आईसीसी पुरुष टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में पांच पायदान के फायदे से छठे स्थान पर पहुंच गये।

पंत ने मुंबई टेस्ट के दौरान दो अर्धशतकीय पारियां खेलीं, हालांकि भारत तीसरे और अंतिम टेस्ट में हार से श्रृंखला 0-3 से गंवा बैठा। इस प्रदर्शन से पंत को रैंकिंग में फायदा हुआ जो संकेत है कि वह गंभीर कार दुर्घटना के बाद अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में वापसी कर चुके हैं। अब यह बायें हाथ का बल्लेबाज जुलाई 2022 में रैंकिंग में हासिल किये गये अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ पांचवें स्थान से महज एक कदम पीछे है।

शीर्ष टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में शामिल अन्य भारतीय बल्लेबाजों में बायें हाथ के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी मौजूद हैं जो एक पायदान नीचे चौथे स्थान पर खिसक गये हैं।न्यूजीलैंड ने मुंबई में 25 रन की करीबी जीत से श्रृंखला में वाइटवाश किया जिससे शीर्ष 10 टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में पंत और दौरा करने वाली टीम के डेरिल मिचेल को फायदा हुआ।

मिचेल आठ पायदान की छलांग से सातवें स्थान पर पहुंच गये, उन्होंने मुंबई टेस्ट में भारत के खिलाफ पहली पारी में 82 रन की पारी खेली जिससे वह टीम के साथी केन विलियमसन (दूसरे स्थान) के साथ शामिल हो गये जो न्यूजीलैंड के शीर्ष 10 में मौजूद एकमात्र खिलाड़ी थे।

इंग्लैंड के दायें हाथ के बल्लेबाज जो रूट ने सूची में शीर्ष पर अपनी बढ़त बरकरार रखी है जिसमें विलियमसन, हैरी ब्रुक (तीसरे), जायसवाल (चौथे) और स्टीव स्मिथ (पांचवें) उनके लिए चुनौती हैं।

भारत के शुभमन गिल ने मुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में 90 रन की पारी खेली जिससे वह चार पायदान के लाभ से 16वें स्थान पर पहुंचे जबकि न्यूजीलैंड के ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ विल यंग 29 पायदान की उछाल से 44वें स्थान पर काबिज होने में सफल रहे।
Ravindra Jadeja
रविंद्र जडेजा न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 विकेट लेने से टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में दो पायदान के फायदे से छठे स्थान पर पहुंचे जिससे वह रविचंद्रन अश्विन से एक स्थान पीछे हैं। कागिसो रबाडा शीर्ष रैंकिंग पर काबिज हैं।

ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और पैट कमिंस से आगे दूसरे स्थान पर हैं।वहीं टीम साथी वाशिंगटन सुंदर टेस्ट गेंदबाजों में सात पायदान के लाभ से 46वें स्थान पर पहुंच गये।न्यूजीलैंड के स्पिन जोड़ीदार एजाज पटेल (12 पायदान के फायदे) और ईश सोढी (तीन पायदान के फायदे) क्रमश: 22वें और 70वें स्थान पर बने हुए हैं। (भाषा)
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
विराट कोहली नहीं यह बल्लेबाज BGT में पछाड़ सकता है स्टीव स्मिथ को पीछे, पोंटिंग की भविष्यवाणी