Last Modified: नई दिल्ली ,
शनिवार, 4 जुलाई 2015 (13:40 IST)
डीयू ने तीसरी कटऑफ जारी की
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिला चाहने वालों को खुश होने का कारण मिल गया है, क्योंकि शुक्रवार को विश्वविद्यालय की ओर से जारी तीसरी कटऑफ के अनुसार बीकॉम और अर्थशास्त्र स्नातक जैसे पसंदीदा पाठ्यक्रमों में अभी भी दाखिला लेने का मौका बना हुआ है।
जानकीदेवी मेमोरियल कॉलेज, एसजीएनडी खालसा, एसजीटीबी खालसा और श्री गुरु गोविंदसिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स सहित 4 कॉलेजों ने दिल्ली उच्च न्यायालय के उन्हें अल्पसंख्यक दर्जा दिए जाने को ध्यान में रखते हुए अपनी तीसरी कटऑफ सूची जारी नहीं की।
श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स ने अर्थशास्त्र (स्नातक) के लिए अपनी कटऑफ 97.75 प्रतिशत से 0.375 प्रतिशत की कमी के साथ 97.375 प्रतिशत जारी की है।
दौलतराम कॉलेज ने भी अर्थशास्त्र (स्नातक) के लिए अपनी कटऑफ 95.5 प्रतिशत, अंग्रेजी (स्नातक) के लिए 94 प्रतिशत और बीकॉम के लिए 95 प्रतिशत रखी है।
विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार छात्रों को दाखिला से संबंधी अपनी औपचारिकताएं 7 जुलाई तक पूरी करने की जरूरत है और अगली कटऑफ की घोषणा 9 जुलाई को होगी। (भाषा)