शुरू हुई कैट की दौड़, 1.97 लाख उम्मीदवार शामिल
इंदौर। आईआईएम और अन्य प्रतिष्ठित बी. स्कूलों में दाखिले के लिए अगले महीने आयोजित कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) की दौड़ में लगभग 1.97 लाख उम्मीदवार शामिल हो गए हैं। इस बार कैट के उम्मीदवारों की तादाद में पिछले साल के मुकाबले मामूली इजाफा दर्ज किया गया है। कैट 2014 के संचालन की जिम्मेदारी इंदौर के भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम.आई) की है। आईआईएम.आई में पदस्थ कैट संयोजक रोहित कपूर ने बताया कि ‘कैट 2014 के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया खत्म हो चुकी है। इस बार कैट के लिए 1,96,951 उम्मीदवारों ने पंजीयन कराया है।’ गौरतलब है कि इस बार कैट में कुछ अहम बदलाव किए गए हैं। अब कैट में उम्मीदवारों को सवाल हल करने के लिए 30 मिनट ज्यादा मिलेंगे। इसके साथ ही, इस ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा में सवालों की संख्या भी बढ़ा दी गई है।
कपूर ने बताया कि वर्ष 2013 में आयोजित कैट के लिए लगभग 1,93,000 उम्मीदवारों को पंजीकृत किया गया था। उन्होंने मोटे अनुमान के हवाले से बताया कि इस बार कैट के आधार पर 13 पुराने और 6 नए आईआईएम के साथ कुछ अन्य प्रतिष्ठित बी.स्कूलों में 3,500 से ज्यादा सीटों पर प्रवेश हो सकता है।
अगले पन्ने पर, ये हुए बदलाव...
कैट 16 नवंबर और 22 नवंबर को देश के 99 शहरों के 354 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। यह प्रवेश परीक्षा इन दो तारीखों को कुल चार सत्रों में आयोजित की जाएगी।

इस परीक्षा का परिणाम दिसंबर के तीसरे हफ्ते में घोषित किया जाएगा। कैट के सवाल हल करने के लिए पहले प्रतिभागियों को 140 मिनट मिलते थे, लेकिन अब इस समय को बढ़ाकर 170 मिनट कर दिया गया है।
कैट में क्वांटिटेटिव एबिलिटी एंड डाटा इंटरप्रिटेशन (परिमाण संबंधी दक्षता और आंकड़ों की व्याख्या) और वर्बल एबिलिटी एंड लॉजिकल रीजनिंग (शाब्दिक योग्यता और तार्किक विवेचन) के दो खंडों में अब 50-50 सवाल पूछे जाएंगे। पहले इन खंडों में 30-30 सवाल पूछे जाते थे।
कैट में एक अन्य परिवर्तन के तहत अब उम्मीदवार दोनों में से किसी भी खंड के सवालों को अपनी योग्यता और सुविधा के मुताबिक कम या ज्यादा वक्त दे सकेंगे। इस प्रवेश परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों को यह सहूलियत भी रहेगी कि वे सवाल हल करते वक्त एक खंड से दूसरे खंड में आ-जा सकेंगे। गुजरे बरसों में कैट में सवालों के दोनों खंड उम्मीदवारों के सामने क्रम से आते थे। दोनों खंडों के हल के लिये अलग-अलग समयावधि भी तय थी। (भाषा)