1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Who is IRDAI new chairman ajay seth

कौन हैं अजय सेठ, जो संभालेंगे IRDAI की कमान?

ajay seth
Ajay Seth news in hindi : मोदी सरकार ने गुरुवार को वित्त एवं आर्थिक मामलों के विभाग के पूर्व सचिव अजय सेठ को भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDA) का चेयरमैन नियुक्त किया। कर्नाटक कैडर के 1987 बैच के IAS अधिकारी सेठ, 4 साल के कार्यकाल के बाद इस साल जून में आर्थिक मामलों के सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
 
सेठ 2021 से DEA सचिव के रूप में अपनी सेवा दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने देश की आर्थिक नीतियों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। मार्च 2025 में सरकार ने उन्हें उस समय राजस्व सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा, जब तुहिन कांता पांडे को SEBI का चेयरपर्सन बनाया गया। सेठ ने भारत सरकार, कर्नाटक सरकार और एशियन डेवलपमेंट बैंक के साथ भी काम किया है।
 
एक सरकारी अधिसूचना में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने बीमा नियामक के चेयरमैन के रूप में सेठ की नियुक्ति को 3 साल की अवधि या 65 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, तक के लिए मंजूरी दे दी है।
 
कैसे होती है इरडा चेयरमैन की नियुक्ति : देबाशीष पांडा के इस साल मार्च में कार्यकाल पूरा होने के बाद लगभग चार महीने पश्चात इरडा के चेयरमैन की नियुक्ति हुई है। नियामकों की नियुक्ति की प्रक्रिया के अनुसार, मंत्रिमंडल सचिव की अध्यक्षता वाली वित्तीय क्षेत्र नियामक नियुक्ति खोज समिति (FSRASC) नाम का सुझाव देती है।
 
पात्र उम्मीदवारों के साथ बातचीत के आधार पर, समिति अंतिम मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति को नाम की सिफारिश करती है।
 
क्या है इरडा का काम : इरडा को बीमा पॉलिसीधारकों के हितों की रक्षा करने तथा आम लोगों के लाभ के लिए बीमा उद्योग का तीव्र और व्यवस्थित विकास करने तथा अर्थव्यवस्था की वृद्धि में तेजी लाने के लिए दीर्घकालिक कोष उपलब्ध कराने का कार्य सौंपा गया है। यह बीमा से संबंधित वित्तीय बाजारों में निष्पक्षता, पारदर्शिता और व्यवस्थित आचरण को बढ़ावा देने में भी मदद करता है तथा बाजार के प्रतिभागियों के बीच वित्तीय सुदृढ़ता के उच्च मानकों को लागू करने के लिए एक भरोसेमंद प्रबंधन सूचना प्रणाली का निर्माण करता है।
edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
भारत, ब्रिटेन ने ऐतिहासिक FTA पर किए हस्ताक्षर, क्या बोले पीएम मोदी?