Budget 2026 : कन्फ्यूजन दूर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस दिन पेश करेंगी आम बजट, क्या रविवार को खुलेंगे शेयर बाजार
Union Budget 2026 News : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अगले वित्त वर्ष के लिए आम बजट 1 फरवरी को पेश करेंगी, जो रविवार का दिन है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को यह घोषणा की। सीतारमण का यह 9वां बजट होगा, जो पूर्व वित्त मंत्री मोरारजी देसाई द्वारा प्रस्तुत 10 बजट से एक कम है। अब सवाल है कि क्या रविवार को शेयर बाजार खुलेंगे।
मीडिया खबरों के मुताबिक एनएसई ने इस संबंध में एक खास सर्कुलर जारी कर सकता है, जिसमें बजट डे पर ट्रेडिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाएगी। परंपरागत रूप से जब बजट किसी सप्ताहांत पर आता है तो सरकार और बाजार नियामक (रेगुलेटर) मिलकर विशेष व्यवस्था करते हैं।
कब होगी बजट सत्र की शुरुआत
संसद के बजट सत्र की शुरुआत 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संसद की संयुक्त बैठक में अभिभाषण के साथ होगी। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद सीतारमण दोनों सदनों में आर्थिक समीक्षा प्रस्तुत कर सकती हैं। वे 1 फरवरी को आम बजट पेश करेंगी, जिसे सरकार ने बजट दिवस घोषित किया है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने हाल में बताया था कि बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। सत्र का पहला चरण 13 फरवरी को समाप्त होगा और 9 मार्च को सत्र पुन: शुरू होगा। Edited by: Sudhir Sharma