1. लाइफ स्‍टाइल
  2. नन्ही दुनिया
  3. कविता
  4. poem on kids

बाल गीत: क्यों न शामिल कर लें

shishu geet
ठंड में चिरैया उड़कर आई,
घुस गई घरों दुकानों में।
मफलर ओढ़ो स्वेटर पहनो,
बोली सबके कानों में।
 
मुझसे बोली दादाजी को,
गरम कोट सिलवा देना।
फटी जुराबें चप्पल उनकी,
आज नई मंगवा देना।
नए कांच भी लगवाना हैं,
खिड़की रोशन-दानों में।
 
दादीजी की हुई रजाई,
देखो बहुत पुरानी है।
घुसकर हवा बड़े छिद्रों से,
करती अब शैतानी है।
बूढ़ी दादी तो शामिल बस,
कुछ दिन की मेहमानों में।
 
घर का बूढ़ा नौकर श्यामू,
रोज कांपता थर-थर-थर।
उसे दिला क्यों न देते हो,
स्वेटर एक नया लाकर।
सुख देकर सुख पाओ लिखा है,
वेदों और पुराणों में।
 
बड़े बुजुर्ग बरगदों जैसे,
हमको छाया देते हैं।
अपने भीतर देखें, उनकी,
कितनी सुध हम लेते हैं।
क्यों न शामिल कर लें उनको,
हम अपने भगवानों में।

(वेबदुनिया पर दिए किसी भी कंटेट के प्रकाशन के लिए लेखक/वेबदुनिया की अनुमति/स्वीकृति आवश्यक है, इसके बिना रचनाओं/लेखों का उपयोग वर्जित है...)
लेखक के बारे में
प्रभुदयाल श्रीवास्तव
12, शिवम सुंदरम नगर, छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश (Mo.-+919131442512).... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
World Leprosy Day: विश्व कुष्ठ रोग दिवस, जानें संकेत, उपचार और भ्रांतियां