1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2025
  3. आईपीएल 2025 न्यूज़
  4. Mumbai Indians vs Rajasthan Royals I am not worried about bowling to a 14 year old kid, it will be exciting says Trent Boult

क्या 14 साल के बच्चे से डर गए मुंबई के दिग्गज ट्रेंट बोल्ट? गेल और ABD का नाम लेकर कह डाली बड़ी बात

mumbai indians vs rajasthan royals
Rajasthan Royals vs Mumbai Indians : मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट (Trent Boult) ने कहा कि सवाई मानसिंह स्टेडियम की सपाट पिच पर राजस्थान रॉयल्स के 14 वर्षीय खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) का सामना करना रोमांचकारी होगा और वह इसे लेकर चिंतित नहीं हैं। सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 38 गेंद में 101 रन बनाकर इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया, जिससे वह आईपीएल और पुरुष टी20 क्रिकेट में शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। उनकी 35 गेंद की पारी टूर्नामेंट में दूसरा सबसे तेज शतक भी था।
 
बोल्ट ने राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के खिलाफ मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के मैच की पूर्व संध्या पर मीडिया से कहा,‘‘मैंने दुनिया भर के कुछ बेहतरीन बल्लेबाजों को गेंदबाजी की है जिसमें क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स शामिल हैं। मुझे लगता है कि मैं यह नहीं कह सकता कि मैं 14 साल के बच्चे के बारे में चिंतित हूं।’’

 
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन एक ऐसे खिलाड़ी के खिलाफ खेलना रोमांचक चुनौती होगी जो निडर है और इस समय शानदार फॉर्म में है इसलिए यही इसकी खासियत है। ’’
 
बोल्ट ने कहा, ‘‘पूरी दुनिया ने उस रात उसका प्रदर्शन देखा। इतनी कम उम्र के बच्चे की यह बेहतरीन पारी थी। यह इस टूर्नामेंट की खूबसूरती है, सभी खिलाड़ी मैदान पर उतरते हैं और किसी भी मौके को दोनों हाथों से भुनाते हैं और मुझे लगता है कि उन्होंने यह बहुत बढ़िया तरीके से किया। ’’
 
बोल्ट ने कहा कि पिच और परिस्थितियों के बारे में उनका अनुभव उन्हें अच्छी लय में रखेगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह इस मैदान पर एक और बड़े स्कोर वाले मैच की उम्मीद कर रहे हैं तो उन्होंने कहा, ‘‘नहीं, एक गेंदबाज के तौर पर मुझे ऐसा नहीं लगता। इस मैदान के इतिहास से यह बड़े स्कोर बनाने वाला मैदान है। इसकी आउटफील्ड भी तेज है। पर मुझे लगता है कि मैं अपने अनुभव का इस्तेमाल कर पाऊंगा। ’’  (भाषा)

लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
पाकिस्तानी भालाफेंक खिलाड़ी अरशद नदीम का इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में ब्लॉक