ट्रंप के करीबियों की डिनर पार्टी में बवाल, बिल पुल्ट से भिड़े स्कॉट बेसेंट, मुंह तोड़ने की धमकी
डोनाल्ड ट्रंप के करीबी अधिकारियों की एक डिनर पार्टी में अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेन्ट और फेडरल हाउसिंग फाइनेंस एजेंसी के डायरेक्टर बिल पुल्टे के बीच बहस इतनी बढ़ गई की मारपीट की नौबत आ गई।
US news in hindi : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी अधिकारियों की एक डिनर पार्टी में अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेन्ट और फेडरल हाउसिंग फाइनेंस एजेंसी के डायरेक्टर बिल पुल्टे के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते दोनों दिग्गजों में मारपीट की नौबत आ गई। स्कॉट बेसेन्ट ने पुल्टे को पीटने की धमकी दी।
सीएनएन की एक रिपोर्ट के अनुसार, बेसेंट ने पल्टे पर ट्रंप से उनके खिलाफ निजी तौर पर बुराई करने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। बेसेंट ने बिल पल्टे को गाली देते हुए कहा कि या तो ये यहां से चला जाए, या मैं चला जाता हूं। उन्होंने पल्टे को बाहर चलने की धमकी भी दी।
बताया जा रहा है कि यह मामला 3 अगस्त, 2025 का है। वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने पुल्टे को मुक्का मारकर मुंह तोड़ने की भी धमकी दी। किसी तरह दोनों को शांत कर माहौल को ठंडा किया गया। कहा जा रहा है कि इस डिनर में करीब 30 लोग शामिल थे, इनमें कई ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी थे।
गौरतलब है कि ट्रंप प्रशासन में इन दिनों पुल्टे का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। हाल ही में उन्होंने फेडरल रिजर्व की गवर्नर लिसा कुक पर मॉर्गेज फ्रॉड का आरोप लगाया था। इसके बाद ट्रंप ने कुक को पद से हटा दिया। बेसेंट ने इससे पहले एलन मस्क से भी आईआरएस प्रमुख की नियुक्ति को लेकर तीखी बहस की थी।
edited by : Nrapendra Gupta