1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Stabbing Incident in Indore After Being Stopped from Drinking on the Street
Last Updated : सोमवार, 1 जून 2026 (13:04 IST)

इंदौर में सड़क पर शराब पीने से रोका तो हुई चाकूबाजी, दोनों तरफ के कई लोग जख्‍मी

Stabbing Incident in Indore After Being Stopped from Drinking on the Street; Several People Injured on Both Sides
इंदौर में अपराधिक गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। यहां के परदेशीपुरा थाना इलाके में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से रोकने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने हथियार निकाल लिए और जमकर चाकूबाजी हो गई। जानकारी के मुताबिक घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार जनता क्वार्टर निवासी विनोद उर्फ पन्नू सिंह जादौन (48) ने शिकायत दर्ज कराई है कि 31 मई की रात करीब 11 बजे वह सांची पॉइंट के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने मंगू सरदार उर्फ राजदीप, जयेश संकट तथा उनके साथियों राहुल और नितिन को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते देखा। विनोद ने उन्हें समझाइश देते हुए कहा कि यह रिहायशी इलाका है और यहां महिलाओं का आना-जाना रहता है, इसलिए सड़क पर शराब न पिएं।

विनोद के मुताबिक उसकी बात सुनकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जयेश संकट ने उसके साथ मारपीट की, जबकि मंगू सरदार ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। चाकू का वार विनोद के गले के बाईं ओर लगा, जिससे वह घायल हो गया।

घटना के बाद विवाद और बढ़ गया। पुलिस के अनुसार विनोद पक्ष के कुछ लोग भी हथियार लेकर मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि कालू मराठा, गोल्डी सरदार और विनोद उर्फ पन्नू जादौन ने मंगू सरदार पर चाकुओं से कई वार किए। हमले में मंगू सरदार के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और उसके शरीर पर आधा दर्जन से अधिक घाव हुए।

वहीं जयेश संकट ने भी शिकायत में बताया कि कालू मराठा ने उस पर चाकू से हमला किया, जिससे उसके बाएं पैर के घुटने के ऊपर चोट लगी और खून बहने लगा। सूचना मिलने पर परदेशीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
गुजरात राज्यसभा की 4 सीटों के लिए अधिसूचना जारी, जानिए कब तक भर सकते हैं नामांकन