1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. indore fire 7 dead ev charging blast bengali square

इंदौर में भीषण आग: बंगाली चौराहे के पास घर में लगी आग में 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत

indore fire Photo : Dharmendra Sangle
Photo : Dharmendra Sangle
इंदौर के बंगाली चौराहे के पास बृजेश्वरी एनेक्स में देर रात भीषण आग लगने से 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक गाड़ी की चार्जिंग के दौरान धमाके के बाद गैस सिलेंडरों में विस्फोट से आग फैलने की बात सामने आई है।

भयावह आग की वजह से मनोज पुगलिया के साथ ही विजय सेठिया, छोटू सेठिया, सुमन, सिमरन, राशि सेठिया और टीनू की मौत हो गई। हादसे में सौरभ पुगलिया, आशीष और हर्षित घायल हुए हैं।

हादसे के तुरंत बाद इंदौर के कमिश्नर संतोष सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा और निगम आयुक्त मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने सुबह तक आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।

घर में रखे 4 सिलेंडर फटे

इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक, घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज हो रही थी और चार्जिंग पॉइंट में धमाका हो गया। इसके बाद आग गाड़ी से घर तक फैल गई। यहां गैस की कई सिलेंडर रखे हुए थे। इससे 4 गैस सिलेंडरों में जोरदार विस्फोट हुए, जिसने पूरे मकान को आग की चपेट में ले लिया।

बिजली बंद होने से नहीं खुले इलेक्ट्रिक लॉक

बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रिक लॉक में बिजली बंद होने से दरवाजे खुल नहीं पाए, जिस कारण परिवार के सदस्य बाहर नहीं निकल सके। पारिवारिक आयोजन के चलते कुछ रिश्तेदार भी घर में मौजूद थे, जिससे हादसे की त्रासदी और बढ़ गई।

पीएम मोदी ने हादसे पर जताया शोक

पीएमओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि आग लगने से हुई जान-माल की हानि से प्रधानमंत्री बेहद दुखी हैं। पीएम ने कहा कि जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। साथ ही प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50,000 रुपये देने का एलान किया गया है।

क्या बोले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

घटनास्थल पर पहुंचे मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह घटना बहुत दुखद और चिंताजनक घटना है। आग EV के चार्जिंग पॉइंट से लगी, जो चिंता की बात है। हमने अधिकारियों से घटना की जांच के लिए एक एक्सपर्ट कमेटी बनाने को कहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) बनाया जा सके। इसकी पूरी जांच कराई जाएगी।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Top News: लारीजानी की मौत से हिला ईरान, नाटो पर भड़के ट्रंप, असम में कांग्रेस को झटका